two lakh 32 thousand rupees robbed
- फोटो : Sirsa
महाग्राम चौटाला के टैक्सी स्टैंड और पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित सीएससी में रविवार दोपहर बाद दो बजे चार बदमाशों ने तेजधार हथियार की नोक पर दो लाख 32 हजार रुपये लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसबीआई के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के संचालक राकेश कुमार और आलोक शर्मा ने बताया कि सीएससी दोपहर बाद दो बजे खुला हुआ था। इस दौरान दो बाइक पर सवार होकर आए चार युवक सीएससी में आए। प्रवेश के बाद एक युवक ने 1500 रुपये बैंक से रकम निकालने को कहा। इसी दौरान अन्य दोनों युवकों ने सीएससी का शटर बंद कर दिया गया। तीनों युवकों ने शटर गिरा देने के बाद तेजधार हथियार निकाला और जान मारने की धमकी दी और गल्ला खोल कर दो लाख 32 हजार रुपये लूट ले गए। संचालक ने बताया की चारों युवक मुंह बांधे हुए थे। दिनदहाड़े लूट होने से इर्द-गिर्द के दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बता दें कि गांव चौटाला में इससे पहले भी कई बार चोरियां हो चुकी है जिनका अभी तक कोई सुराग नही लगा।
चौटाला चौकी के इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने बताया कि लूट की घटना का पता लगते ही जांच शुरू कर दी है। सीएससी में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आसपास की दुकानों मे लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है।