चोपटा। नाथूसरी कलां व हंजीरा के बीच सोमवार रात को दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार नागरिक अस्पताल सिरसा में करवाया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही चोपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
गांव हंजीरा निवासी ओमप्रकाश अपनी 12 वर्षीय बेटी सोनू के साथ सोमवार रात करीब आठ बजे चोपटा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव हंजीरा निवासी अनिल कुमार (17), सुनील व कुलदीप (23) भी बाइक से घर जा रहे थे। बाइक सुनील चला रहा था। नाथूसरी कलां और हंजीरा के बीच अचानक सामने से आ रही तेज रोशनी के कारण दृश्यता कम हो गई और दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में कुलदीप व अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ओमप्रकाश, उनकी बेटी सोनू और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक कुलदीप और अनिल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।
हादसे की सूचना से परिजनों में मातम का माहौल छा गया। घटना की सूचना मिलते ही चोपटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। जांच अधिकारी राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।