संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। क्षेत्र में लूटपाट व छीना झपटी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि 4 को लेकर धरपकड़ जारी है। दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। दोनों नशे के आदी है। इसकी पूर्ति के लिए वे काली रंग की गाड़ी में सवार होकर वारदात को अंजाम देते थे।
सहायक पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया किए आरोपियों की पहचान हरजीत सिंह निवासी गांव कमालू रामा मंडी पंजाब व मोनू निवासी राम मंडी पंजाब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसके अन्य चार साथियों की भी पहचान कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सीआई और साइबर की टीम ने मामले को सुलझाया है। आरोपी हरियाणा से वारदात करने के बाद पंजाब के बठिंडा भाग जाते हैं। वहां पर भी आरोपियों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
10 अगस्त की रात्रि को अज्ञात युवकों ने हथियारों के बल पर ओढा थाना क्षेत्र में लूट पाट की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों ने जगदीप निवासी घुंकावाली से एक मोबाइल फोन, 4600 रुपये, दो डेबिट कार्ड तथा आधार कार्ड छीने थे। इसके अलावा ललित निवासी आनंदगढ़ से एक मोबाइल फोन, 1200 रुपये तथा सिरसा निवासी संदीप व उसके साथी से दो मोबाइल व सात हजार रुपये लूटे थे। सहायक पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।