सिरसा। साइबर थाना पुलिस की टीम ने टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने के नाम पर गांव केसूपुरा निवासी एक महिला से हुई 2.34 लाख रुपये की साइबर ठगी के दो और आरोपियों को राजस्थान के चूरू क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। साइबर थाने के जांच अधिकारी दिनकर यादव ने बताया कि इनकी पहचान तहसील और जिला चूरू की गोशाला के पास वार्ड नंबर छह निवासी आदित्य चतुर्वेदी और वहीं के गांव थैलासर के वार्ड नंबर चार निवासी मनीष शर्मा के रूप में हुई है।
यादव ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में केसूपुरा निवासी महिला ने बताया था कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके पास कॉल आई और कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनसे कहा कि आप हमारे टेलीग्राम एप से जुड़कर घर बैठे लाखों रुपये कमा सकते हो। इसके लिए आपको कंपनी के बताए हुए टास्क को पूरा करना होगा। टास्क पूरा होते ही आपके खाते में रुपये आ जाएंगे।
कुछ समय बाद महिला के मोबाइल नंबर पर एक टेलीग्राम लिंक आया। जैसे ही महिला ने लिंक पर क्लिक किया तो उसमें टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन दिख रहा था। लालच में आकर महिला ने 2.34 लाख रुपये का निवेश कर दिया। बाद में रुपये निकालने के लिए वेबसाइट पर मिले लिंक को क्लिक किया गया तो टेलीग्राम ऐप बंद हो गया।
इससे पीड़िता को उनके साथ साइबर ठगी का एहसास हुआ। सबूत जुटाने के बाद पीड़िता की शिकायत पर साइबर अपराध पुलिस थाने में 27 फरवरी को साइबर ठगी का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के लिए एसपी विक्रांत भूषण ने साइबर अपराध पुलिस की विशेष टीम गठित की। इसने महत्वपूर्ण सुराग जुटा घटना में संलिप्त दो आरोपियों को राजस्थान के चूरू क्षेत्र से काबू कर लिया जबकि उनके साथी तीसरे आरोपी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच अधिकारी ने बताया कि इन आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर ठगी की राशि बरामद की जाएगी।