संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर अचीना पुलिस चौकी के समीप बुधवार दोपहर एक ट्रक और प्राइवेट बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार महिला समेत दो की मौत हो गई, जबकि 14 घायल हो गए। तीन घायलों को दादरी से रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जबकि बाकी 11 घायल सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। अचीना ताल चौकी पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिए हैं और वीरवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राइवेट बस दादरी से झज्जर जा रही थी, जबकि ट्रक झज्जर से दादरी की तरफ आ रहा था। बस इमलोटा चौकी से निकलते ही मोड़ पर पहुंची तो सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक सीमेंटेड टाइल ब्लॉक से भरा, जबकि बस में भी 50 से ज्यादा यात्री सवार थे।
हादसे में रेवाड़ी जिले के दमकौरा निवासी महिला रेखा और उत्तर-प्रदेश के सीतापुर जिले के गांव कैथाभेरी निवासी रामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार अन्य 14 यात्री घायल हो गए। उन्हें दो एंबुलेंस और एक हाईवे पेट्रोलिंग वाहन के जरिये सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से सीतापुर जिला निवासी तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया और उनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई थी।
ये हुए हादसे में घायल
उत्तर-प्रदेश के सीतापुर जिले के अलग-अलग गांव निवासी 21 श्रमिकों का दल दादरी में सरसों कटाई कार्य करने आया था। बुधवार को वापस अपने घर लौट रहे थे। सभी श्रमिक एक ही बस में सवार थे। हादसे में कैथाभेरी निवासी रामपाल, भुरकुडी निवासी धनीराम, मदनापुर निवासी मुनेजर, कैथाभेरी निवासी बलबीर, अमित, प्रवीन, छोटू व अनिरुद्ध कुमार, बेदोरा निवासी अनिरुद्ध, अनूप व विजय समेत भगवतीपुर निवासी विनोद और शंकरपुर निवासह हरीश घायल हुआ।
हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हुई जबकि 14 घायल हुए हैं। तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम वीरवार सुबह करवाया जाएगा। - सुभाषचंद्र, डीएसपी