संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में 25 से 28 अक्तूबर तक 13वें त्रिवेणी युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा कल्याण निदेशालय के तत्वावधान में होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव की विषयवस्तु युवा उमंग, संस्कृति के संग रखी गई है।
इसमें विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी संगीत, नृत्य, नाटक, साहित्य, वाद-विवाद और ललित कला की विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में दादा लखमी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा) के कुलगुरु अमित आर्य मुख्य अतिथि होंगे। सीडीएलयू के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
सुपवा की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक और फतेहाबाद के उपायुक्त डॉ. विवेक भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटीज की ओर से शिवम दीक्षित पर्यवेक्षक के रूप में शिरकत करेंगे।
युवा कल्याण निदेशक प्रो. मंजू नेहरा ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार और अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. सुरेंद्र सिंह ने व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संतोष जताया है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां चार मंचों पर : कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित यह महोत्सव विद्यार्थियों को सांस्कृतिक प्रतिभा, साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मकता और कलात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर देगा। इसके माध्यम से विद्यार्थी हरियाणवी लोक संस्कृति, भारतीय परंपराओं और आधुनिक कला-संगीत की विविध विधाओं से रूबरू होंगे।
प्रतियोगिताओं के लिए चार मंच बनाए गए हैं। मंच-प्रथम मुख्य हॉल, मंच-द्वितीय सभागार, मंच-तृतीय सी.वी. रमन भवन के संगोष्ठी कक्ष और मंच-चतुर्थ यूआईटी/डीसी भवन में होगा।
प्रतिदिन प्रस्तुतियां सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगी। पहले और दूसरे दिन प्रतिभागियों का पंजीकरण सुबह 8 बजे तथा तीसरे और चौथे दिन सुबह 8:30 बजे होगा।