संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रोडवेज बसों में आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए प्रबंधन की ओर से स्थानीय डिपो की ओर से अग्निशमन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। पहले दिन शनिवार को करीब एक सौ बसाें में अग्निशमन संयंत्र लगाए गए हैं। बाकी अन्य बसों में भी अग्निशमन संयंत्र लगाने का कार्य जारी है। जिले के डिपो में कुल 230 बसें चालू हालत में हैं। इन सभी में अग्निशमन संयंत्र लगाए जाएंगे। यह कार्य रविवार को पूरा होने की उम्मीद है।
शॉर्ट सर्किट और अन्य कारणों से कई बार चलती बसों में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसी घटनाएं रोकने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अग्निशमन संयंत्र लगाए जा रहे हैं। ताकि किसी प्रकार की कोई घटना न हो।
रोडवेज विभाग के कर्मचारियाें ने बताया कि बसों में लगने वाले अग्निशमन संयंत्र की वैधता एक साल की होती है। इनमें से कुछ सिलिंडर खस्ता हालत में थे। इसलिए परिवहन विभाग ने उन्हें बदलने का काम शुरू कर दिया है। कई अग्निशमन संयंत्रों की मियाद खत्म हो चुकी थी। ऐसे संयंत्रों की रीफिलिंग भी करवाई गई। रोडवेज के चालक, परिचालकों समेत अन्य कर्मचारियों को भी संयंत्रों की देखभाल कर इनका प्रयोग करना सिखाया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मौके पर मौजूद कार्मिक तत्काल इनका उपयोग कर आग को फैलने से रोक सके।
-बॉक्स
जिला रोडवेज डिपो की कार्यशाला में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि शनिवार को करीब 100 बसों में अग्निशमन संयंत्र लगाए गए हैं। 50 के करीब बसें अभी नई है तो उनमें पहले से ही अग्निशमन संयंत्र लगे हैं। उनकी नियमित जांच कर ली गई है। करीब 50 फायर सिलिंडर रविवार को और आएंगे जिसके बाद सभी बसों में सिलिंडर लगा दिए जाएंगे।
-कोट्स
रोडवेज डिपो में सभी बसों का सर्वे करवाया गया। जिस बस में भी अग्निशमन संयंत्र नहीं लगा था, उसमें संयंत्र लगाया गया। जिस बस में अग्निशमन संयंत्र खराब या पुराना था, उसकी भी मरम्मत और रीफिलिंग करवाकर बस में लगाया गया। - सुधीर कुमार, यातायात प्रभारी, रोडवेज डिपो, सिरसा।