यातायात थाना सिरसा में विद्यार्थियों को जागरूक करते थाना प्रभारी शमशेर सिंह।
सिरसा। राजकीय नेशनल महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में यातायात पुलिस स्टेशन का भ्रमण किया। जहां पर रेडक्रॉस से आईं विशेषज्ञ संतोष रानी ने विद्यार्थियों को फर्स्ट एड से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
संतोष रानी ने दुर्घटना में घायल हुए व्यक्ति के बहते हुए खून को रोकने के लिए विभिन्न प्रकार से पट्टियां बांधने के तरीके विद्यार्थियों को विस्तार पूर्वक समझाए। तत्पश्चात यातायात थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने विद्यार्थियों को रोड सेफ्टी से जुड़े हुए विभिन्न नियमों एवं रोड संकेतों की विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही सभी प्रकार के नशों से भी दूर रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भ्रमण का आनंद लिया एवं विश्वास दिलाया कि वे ट्रैफिक नियमों का दृढ़ता से पालन करेंगे व सभी प्रकार के नशों से दूर रहेंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हरजिंदर सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को बहुआयामी विकास के लिए समुचित विकल्प एवं व्यापक अवसर उपलब्ध करवाते हैं।
थाना यातायात ने शनिवार को सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने नेशनल कॉलेज के विद्यार्थियों को थाना यातायात का भ्रमण करवाया और उन्हें यातायात नियमों और सड़क पर सुरक्षित रूप से चलने की जानकारी दी।
थाना प्रभारी शमशेर सिंह ने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के लिए जगाना है। पुलिस का मानना है कि यदि युवा पीढ़ी सड़क सुरक्षा नियमों को समझकर उनका पालन करेगी, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से संतोष रानी ने विद्यार्थियों को प्रथम उपचार का महत्व बताया। उन्होंने समझाया कि सड़क हादसे की स्थिति में सही समय पर प्राथमिक उपचार दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की जान बचा सकता है। विद्यार्थियों को हृदय गति रुकने, रक्तस्राव रोकने और बेहोशी की स्थिति में दी जाने वाली आवश्यक चिकित्सा की उपयोगी जानकारी भी दी गई।