संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में रोज कई बार जाम लग रहा है। हर चौक चौराहे पर पांच मिनट बाद वाहनों की लाइन लग रही है। इसमें लोगों का फंसना आम बात हो गई है। ऐसी कोई सड़क नहीं है जिस पर वाहन चालक बिना रुके जा सके। इस कारण जरूरी काम के लिए शहर आने वाले वाहन चालकों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में यातायात पुलिस को व्यवस्था बनाने के लिए दिनभर जूझना पड़ रहा है।
शहर के बस स्टैंड, डबवाली रोड, सरकुलर रोड समेत कई बाजारों में दिनभर वाहन चालक जाम के कारण परेशान रहते हैं। बाजारों में दुकानदारों के अतिक्रमण से भी राहगीरों को परेशानी हो रही है। हालांकि कई स्थानों पर यातायात पुलिस के जवान भी तैनात रहते हैं। वह जाम खुलवाने का प्रयास करते रहते हैं।
शहर में अधिकतर स्थानों पर अतिक्रमण होने और कई जगह पर अधिक रेहड़ियां लगी होने के कारण जाम लग रहा है। यातायात पुलिस के कई जवानों की ड्यूटी विधानसभा चुनाव में लगी है। इस कारण शहर में यातायात की स्थिति काफी खराब हो गई है। वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर गलत दिशा में वाहन चलाकर जाम का कारण बन रहे हैं।
दो इनसेट
शहर में अतिक्रमण नहीं हटा रही नगर परिषद
नगर परिषद ने शहर में पार्किंग स्थल या रेहड़ी चालकों के लिए स्थायी जगह निर्धारित नहीं की है। इस कारण रेहड़ी चालक चौराहों पर ही स्टाल लगाकर काम करते हैं। ऐसे में आवाजाही की जगह कम होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है।
बस स्टैंड के बाहर ऑटो रिक्शा ओर ई-रिक्शा चालकों का डेरा
शहर में बस स्टैंड के बाहर हर पांच मिनट में जाम लग जाता है। इसका मुख्य कारण बस स्टैंड के बाहर ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा चालकों का अतिक्रमण है। यह वाहन यात्री चढ़ाने के लिए सड़क के बीचोबीच खड़े रखते हैं, जो जाम का मुख्य कारण है। यातायात पुलिस भी इन्हें नहीं हटा रही।
कोट-
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन चालक नियम के अनुसार वाहन को सड़क पर चलाएं, ताकि जाम की स्थिति न बन पाए। जिन स्थानों पर जाम की समस्या ज्यादा है उन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। - शमशेर सिंह, निरीक्षक, यातायात थाना प्रभारी, सिरसा।