संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव हिम्मतपुरा के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवती की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में किशनपुरा निवासी मंगलाराम ने बताया कि मंगलवार शाम को वह अपनी पत्नी और बेटी प्रियंका के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में शिरकत कर घर लौट रहा था। गांव हिम्मतपुरा के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली के बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे बाइक सहित रोड पर जा गिरे। आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचित कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां बेटी प्रियंका की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में सिरसा रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।