सिरसा। उपमंडल कार्यालय ऐलनाबाद में वाहनों के रजिस्ट्रेशन व अन्य फीस सरकारी खजाने में जमा न कराने मामले में एसडीएम की शिकायत पर पुलिस ने तीन क्लर्कों के खिलाफ गबन करने सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया है। तीनों क्लर्कों ने डेढ़ वर्ष दो करोड़ 32 लाख रुपये की फीस सरकारी खजाने में जमा नहीं करवाई।
पुलिस को दी शिकायत में ऐलनाबाद एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश बैनीवाल ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान संज्ञान में आया कि कार्यालय में वाहन पंजीकरण एवं चालक लाइसेंस से प्राप्त होने वाली राशि को संबंधित सीट पर कार्यरत कर्मचारियों ने खजाने में जमा नहीं करवाया और ट्रेजरी में वेरिफाई भी नहीं किया। इसके बाद एक अप्रैल 2022 से 20 अप्रैल 2023 तक रिकॉर्ड की जांच की गई। इसमें 2 करोड़ 32 लाख 21 हजार 889 रुपये सरकारी खजाना में कम जमा करवाए गए थे। ऐसे में उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर क्लर्क जितेंद्र, कुलदीप सिंह मोठसरा, विक्रमदीप के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धारा लगाकर मामला दर्ज किया है।
इतनी कम जमा करवाई गई राशि
नाम, वाहन पंजीकरण टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस की फीस, कुल
जितेन्द्र, 10245439, 1876900, 12122339
कुलदीप सिंह मोठसरा, 9047880, 1701670, 10749550
विक्रमदीप, 350000, 350000
डेढ़ वर्ष तक अधिकारियों को मामले की नहीं लगी भनक
वाहन रजिस्ट्रेशन और चालक लाइसेंस से प्राप्त होने वाली राशि सरकारी खजाने में जमा न करने को लेकर अधिकारियों को डेढ़ वर्ष की भनक तक नहीं लगी। तीनों कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल में करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्ति के साथ गबन कर दिया गया है। अब पुलिस को ओर से तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी पुलिस मामले की जांच कर इसके संबंध में अन्य लोगों से भी पूछताछ करेगी। गबन करने को लेकर उक्त क्लर्कों के साथ अन्य कर्मचारियों की भी मिलीभगत हो सकती है।