सिरसा। सोने के आभूषण गिरवी रखने के नाम पर 16 लाख रुपये का लोन लेने और बाद में रकम नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। मुथूट फिनकॉर्प लिमिटेड की हिसारिया बाजार स्थित शाखा की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने गांव हिम्मतपुरा निवासी हरप्रीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी के एरिया मैनेजर अशोक कुमार के अनुसार 13 अगस्त 2026 को हरप्रीत सिंह ने बताया कि एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में उसके दो गोल्ड लोन खाते हैं। इनमें 47.62 ग्राम और 125.72 ग्राम शुद्ध वजन के सोने के आभूषण गिरवी रखे हैं। दोनों खातों पर करीब 16 लाख रुपये बकाया थे।
हरप्रीत ने इतनी ही राशि का लोन मुथूट फिनकॉर्प से मांगा। दस्तावेज की जांच के बाद कंपनी ने 13 अगस्त को आरटीजीएस के जरिये उसके बैंक खाते में 16 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद कंपनी के कर्मचारी उसके साथ एलएंडटी फाइनेंस पहुंचे ताकि बकाया चुकाकर आभूषण छुड़वाए जा सकें।
खाते बंद करवाने पर हुआ संदेह
आरोप है कि हरप्रीत ने आभूषण छुड़वाकर मुथूट फिनकॉर्प के पास गिरवी रखने और गोल्ड लोन खाता खुलवाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए उसने वचन-पत्र और प्रॉमिसरी नोट भी दिया। हालांकि उसने न तो आभूषण गिरवी रखे और न ही 16 लाख रुपये लौटाए। एरिया मैनेजर के अनुसार, सत्यापन में पता चला कि हरप्रीत ने एलएंडटी फाइनेंस के खाते बंद करवा दिए थे। जांच अधिकारी सतबीर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।