सिरसा। डीएसआर मशीन पर अनुदान लेने वाले किसानों के लिए प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का अंतिम अवसर है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने फसल विविधीकरण एवं जल संरक्षण योजना 2026-27 के तहत किसानों को 14 और 15 अक्तूबर तक प्रमाण पत्र डाउनलोड करने का मौका दिया है।
उप निदेशक कृषि डॉ. विनोद कुमार फोगाट ने बताया कि निर्धारित समय में प्रमाण पत्र डाउनलोड नहीं कर पाने वाले किसान इस अवसर का लाभ उठाएं। समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है, ताकि अनुदान संबंधी आगे की कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के बाद संबंधित कृषि यंत्र का बिल निर्माता या डीलर के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करवाना अनिवार्य है।
डॉ. फोगाट ने किसानों से निर्धारित तिथि का ध्यान रखते हुए प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। योजना की अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक कृषि अभियंता, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, सिरसा के कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। संवाद