सड़क मंत्रालय द्वारा फास्टैग लगवाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर आते ही एनएचएआई ने टोल प्लाजा पर सख्ती कर दी है। शनिवार को नेशनल हाईवे नंबर नौ पर भावदीन टोल प्लाजा पर दस अप एेंड डाउन लेन में से केवल दो ही अप एंड डाउन लेन चालू रखी गई। जिसके तहत सुबह से शाम तक करीब आधा किलोमीटर तक वाहनों की लाइन देखने को मिली। एनएचएआई ने सभी टोल प्लाजा पर कर्मचारी तैनात कर दिए हैं जो फास्टैग के बिना कैश काउंटर के लिए वाहनों की लाइन लगवा रहे हैं। लाइनों में लगने से टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को करीब 35 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। टोल प्लाजा पर फास्ट टैग लगवाने के लिए रविवार अंतिम दिन है। सोमवार से बिना फास्ट टैग होने पर चालक को दो गुणा टोल देना पड़ेगा। फास्टैग लगवाने के लिए टोल भावदीन पर दो कंपनियों ने काउंटर लगा रखे हैं। दोनों ही काउंटर पर फास्टैग के लिए एक जैसी प्रक्रिया है। पेटीएम कंपनी ने अब तक कुल 2584 व एयरटेल कंपनी ने 1500 फास्टैग गाड़ियों के लिए जारी किए है।
फास्टैग लगवाने के लिए एक दिन शेष रहने के कारण शनिवार को टोल प्लाजा पर वाहन चालकों की भीड़ लग गई। टोल पर फास्टैग की खपत के चलते दोपहर तक 40 फास्टैग लगाने के बाद फास्टैग खत्म हो गए। जिसके बाद अधिकतर चालकों को बिना फास्टैग लगवाए लौटना पड़ा। टोल प्लाजा भावदीन पर एयरटेल कंपनी ने ही फास्टैग की सुविधा दे रखी है लेकिन लोग फास्टैग लगवाने के लिए पेटीएम को एक बेहतर विकल्प मान रहे हैं। भावदीन टोल मैनेजर सतीश बदौरिया ने बताया कि एनएचएआई ने फास्टैग की अंतिम तिथि पास आने से टोल प्लाजा पर एक लाइन अप एंड डाउन के लिए खोली है। बाकी सभी लाइनें फास्टैग के लिए खोली गई हैं।
अपडेट हुआ सॉफ्टवेयर
एनएचएआई द्वारा फास्टैग लाइन में बिना फास्टैग एंट्री पर दो गुणा चार्ज करने को लेकर टोल प्लाजा भावदीन व डबवाली पर सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया है। सॉफ्टवेयर अपडेट में रेट पर कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। जबकि उसी सॉफ्टवेयर में डबल चार्ज का विकल्प डाल दिया है। जिसमें सभी लाइनों के सॉफ्टवेयर डबल पर्ची विकल्प का उपस्थित रहेगा। यानी की अगर कोई भी गाड़ी 15 दिसंबर के बाद बिना फास्टैग के टोल प्लाजा क्रास करती है तो उसे दो गुणा टोल अदा करना पड़ेगा। यह नियम हर प्रकार की गाड़ी के लिए है।
24 घंटे बाद एक्टिव हो रहे हैं फास्टैग
टोल प्लाजा या अन्य जगहों से लगने वाले फास्टैग अब 24 घंटे बाद एक्टिव हो रहे हैं। जिसे चालकों को ना चाहते हुए भी टोल प्लाजा पर लाइनों में लगना पड़ रहा है। चालक सुरेश, अमित का कहना है कि उन्होंने बीते शुक्रवार को फास्टैग लगवाया था। लेकिन शनिवार सुबह तक एक्टिव नहीं हुआ। जिसके कारण उन्हें सुबह करीब 35 मिनट तक लाइन में लगाकर पर्ची कटवानी पड़ी।
एनएचएआई द्वारा टोल प्लाजा पर सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। बिना फास्टैग वाहन को दो गुणा पर्ची देने का विकल्प सभी लाइनों में एक्टिव हो चुका है। एनएचएआई के निर्देश अनुसार इसे एक्टिव कर दिया जाएगा।
- सतीश सिंह बदौरिया, टोल मैनेजर भावदीन।
पेटीएम कंपनी को फास्टैग खत्म होने की जानकारी दे दी गई है, फास्टैग टोल प्लाजा पर आ जाएंगे। 150 रुपये देकर चालक फास्टैग लगवा सकता है।
- चंचल कुमार, पेटीएम कर्मचारी।
फास्टैग की जानकारी लेते हुए।- फोटो : Sirsa