सिरसा। एसआईआर नोटिस के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिले में वीरवार को आयोजित विशेष शिविरों में 1,315 लंबित मामलों की सुनवाई हुई। वहीं शुक्रवार को संबंधित मतदान केंद्रों पर शिविर लगाकर लंबित मामलों के निस्तारण का अंतिम मौका दिया जा रहा है।
चुनाव तहसीलदार हनुमान दास ने बताया कि जिले में एसआईआर के तहत कुल 1,72,079 नोटिस जनरेट हुए हैं। इनमें 17,955 मामले लंबित हैं। यह कुल मामलों का 10.41 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग मामलों की नियमित समीक्षा कर रहा है। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सुनवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन मतदान केंद्रों पर नोटिस मिलने के बावजूद मतदाताओं ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं वहां शुक्रवार तक विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। घर-घर सर्वे के दौरान दस्तावेज लिए जाएंगे।
प्रशासन ने नोटिस प्राप्त मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर सुनवाई में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाने की अपील की है। समय पर दस्तावेज जमा होने से पात्र मतदाताओं के नाम छह नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकेंगे।