संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चिराग योजना के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन करने का अंतिम दिन 10 अप्रैल है। बुधवार शाम 5 बजे तक विद्यार्थियों के पास आवेदन करने का समय है। वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास अभी तक आए आवेदनों को लेकर कोई जानकारी नहीं है। स्कूलों की ओर से आवेदनों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी जा रही।
जिले के 42 निजी स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने योजना के तहत विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए हामी भरी है। इन स्कूलों में 3730 सीटों पर योजना के तहत विद्यार्थियों के दाखिले होंगे। 2 अप्रैल से आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। विद्यार्थी 10 अप्रैल सायं 5 बजे तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिले के सातों खंडों में से सबसे ज्यादा सीटों की संख्या ऐलनाबाद खंड के निजी स्कूलों ने दी है। इसमें 12 स्कूलों ने अपने स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले को लेकर सहमति जताई है। सबसे कम डबवाली व ओढ़ां खंड के निजी स्कूलों ने सीटों का ब्योरा दिया है। दोनों खंडों में सिर्फ दो ही स्कूलों ने सीटों की संख्या दी है।
पहली तीन कक्षाओं में नहीं होगा दाखिला
चिराग योजना के तहत इस शिक्षा सत्र में पहली से तीसरी कक्षा के विद्यार्थियाें दाखिले निजी स्कूलों में नहीं होंगे। पिछली बार तीसरी से बारहवीं तक के दाखिले चिराग योजना के तहत हुए थे। इस साल शिक्षा निदेशालय की ओर से बदलाव किया गया है। इस वर्ष योजना के तहत चौथी कक्षा से लेकर बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के दाखिले होंगे। इन दाखिलों के लिए विभाग के पास 42 स्कूलों ने अपनी सीटों का ब्योरा अपडेट करवाया है।
खंड वाइज स्कलों की स्थिति
खंड, स्कूल
- बडागुढ़ा, 3
- डबवाली, 2
- ऐलनाबाद, 12
- चोपटा, 5
- ओढां, 2
- रानियां, 9
- सिरसा, 9
-
सीटों की स्थिति
कक्षा, सीट
- चौथी, 452
- पांचवी, 470
- छठी, 469
- सातवीं, 466
- आठवीं, 471
- नौवी, 418
- दसवीं, 391
- ग्यारहवीं, 305
- बारहवीं, 288
-
दाखिला प्रक्रिया
- 10 अप्रैल तक आवेदन
- 12 अप्रैल को लॉटरी ड्राॅ
- 13 से 25 अप्रैल तक दाखिला प्रक्रिया
- 26 से 30 अप्रैल तक प्रतीक्षा सूची के दाखिले
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की ओर से चिराग योजना का शेड्यूल जारी किया हुआ है। जिसके तहत 10 अप्रैल तक विद्यार्थियों के दाखिले के लिए आवेदन होने है। 12 अप्रैल को लॉटरी ड्राॅ होगा। - अमित मनहर, नोडल अधिकारी, चिराग योजना