सिरसा। मंडी कालांवाली में हुई चोरी की चार घटनाओं को पुलिस ने सुलझाते हुए चार नाबालिग दोस्तों को काबू किया है। आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी की घटना को अंजाम देते थे। वहीं पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कालांवाली मंडी के दो मंदिरों व दो घरों से चोरी किए जाने की वारदात को कबूला है। कालांवाली थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामफल सिंह ने बताया कि मंडी कालांवाली के खाटू श्याम मंदिर, दुर्गा मंदिर तथा दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं को सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। गठित की गई पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और घटना के चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि वारदातों को सुलझाने में कालांवाली मंडी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश तथा कालांवाली थाने की पुलिस टीम का अहम योगदान रहा। थाना प्रभारी रामफल सिंह ने बताया कि काबू किए गए चारों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए ही अक्सर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि काबू किए गए चारों युवकों की उम्र करीब 16 और 17 वर्ष के बीच की है तथा सभी युवक कम पढ़े लिखे हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए चारों युवकों की निशानदेही पर चोरीशुदा चार मोबाइल फोन, 7200 रुपये, 2 जोड़ी पाजेब तथा मंदिर से चोरीशुदा दो गुल्लक बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।
कालांवाली में छीना झपटी व चोरी की बढ़ रही वारदात
कालांवाली क्षेत्र पंजाब की सीमा के साथ लगता है। जिसके चलते पंजाब क्षेत्र के कई युवक कालांवाली क्षेत्र में चोरी व छीना झपटी की वारदात कर फरार हो रहे है। पुलिस की ओर से कालांवाली क्षेत्र में सख्ती बढ़ाए जाने के बाद कई आरोपियों को काबू किया है। हालांकि कई मामलों के आरोपी अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।