सिरसा। छोटे भाई की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा करने के लिए बड़े भाई ने उसकी विधवा बहू को ट्रैक्टर तले कुचल दिया और उसे मरा समझकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बहू को हिसार के जिंदल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां मंगलवार रात को उसे होश आ गया है।
इसके बाद डींग थाना पुलिस ने उसका बयान दर्ज करके बुधवार को आरोपी जेठ के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज कर लिया। जानकारी के अनुसार जिला के गांव बग्गुवाली निवासी 45 वर्षीय कुलविंदर कौर के पति जगदेव सिंह की ढाई साल पहले मौत हो गई थी। कुलविंदर कौर का कहना है कि उसके पति जगदेव सिंह के हिस्से में साढ़े 6 एकड़ जमीन आती है। पति की मौत के बाद उसने जेठ गुरमीत सिंह पर भरोसा करके उसे एक साल के लिए 3 लाख 18 हजार रुपये ठेके पर जमीन दे दी, लेकिन जेठ गुरमीत सिंह ने उसे ठेके की राशि नहीं दी। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद वह अपने हिस्से की जमीन खुद जोतने लगी तो जेठ गुरमीत सिंह व उसका लड़का उसके साथ झगड़ा करने लगे। 17 नवंबर 2023 को कुलविंदर कौर अपने बेटे असनप्रीत सिंह के साथ खेत में गई तो जेठ गुरमीत सिंह, उसकी पत्नी जसविंदर कौर व लड़का जसप्रीत सिंह ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत में आ गए। गुरमीत सिंह कहने लगा कि अब तुझे न ठेके की राशि मिलेगी और न ही जमीन।
जेठ-जेठानी मरा समझकर हो गए फरार
जेठानी जसविंदर कौर ने गुरमीत सिंह से कहा कि इन मां-बेटे को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डालो। इसके बाद जेठ गुरमीत सिंह ने ट्रैक्टर कुलविंदर कौर के ऊपर चढ़ा दिया जबकि उसका बेटा असनप्रीत वहां से जान बचाकर भाग गया। गुरमीत सिंह कुलविंदर कौर को मरा समझकर अपनी पत्नी व बेटे के साथ फरार हो गया। कुछ देर बार कुलविंदर कौर का बेटा खेत में आया और उसे उठाकर अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने कुलविंद्र कौर की हालत बेहद नाजुक देखकर उसे हिसार के जिंदल अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां मंगलवार रात को उसे होश आया। इसके बाद डींग थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कुलविंदर कौर का बयान दर्ज किया। जांच अधिकारी एएसआई बहादुर सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी जेठ गुरमीत सिंह, जेठानी जसविंदर कौर व जसप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।