सिरसा गांव टीटूखेड़ा में एक युवक ने सोमवार रात को घर में कमरे के पंखे से साफे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह परिजनों ने युवक को कमरे में लटका हुआ पाया तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल से युवक का मोबाइल और एक सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में वार्ड मेंबर और उसके दोस्त की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने की बात लिखी हुई थी। मल्लेवाला चौकी पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार वार्ड मेंबर और उसके एक साथी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ताऊ अजमेर सिंह ने बताया कि उसका भतीजा नवीन कुमार बीए की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को उसके माता-पिता व भाई पंजाब में धान की रोपाई के लिए मजदूरी करने गए थे। नवीन घर पर अकेला था। सोमवार को रात को नवीन ने अपने कमरे की छत पर लगे पंखे पर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मंगलवार सुबह उसकी भतीजी जब खाना देने गई तो नवीन पंखे से लटका मिला तो उसने दादा को बताया। दादा ने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हुए और मौके पर शव को उतारा गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
नवीन के चचेरे भाई हरीश ने बताया कि तीन महीने पहले गांव के ही सोनू व सुभाष के साथ नवीन के बड़े भाई वकील का झगड़ा हुआ था। सोनू वार्ड मेंबर है और ऑटो चलाता है। दोनों लोगों ने वकील और उसकी मां के साथ मारपीट की थी। वकील को इस दौरान चोट आई थी। इस मामले में जब वे एफआईआर करवाने के लिए मल्लेकां पुलिस चौकी गए, लेकिन पुलिस ने एफआईआर लिखने से इंकार कर दिया। इसके विपरित पुलिस ने वकील को ही मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 40 दिन बाद वकील की जमानत हुई। हरीश के अनुसार इस झगड़े के कारण ही नवीन को भी उक्त लोगों ने तंग करना शुरू कर दिया था। जिससे परेशान होकर नवीन ने आत्महत्या कर ली।