डबवाली। धनतेरस, दिवाली और श्री गोवर्धन पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए डबवाली पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड पर आ गया है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने बताया कि त्योहारी सीजन के चलते लोग बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं।
इससे शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्गों पर नाके लगाए गए हैं, जबकि पैदल गश्त टीमें बाजारों में तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस के सभी संसाधन अलर्ट मोड पर हैं।
एसपी निकिता खट्टर ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले बाजारों में नियमित रूप से गश्त करें और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखें। महिला थाना पुलिस की विशेष टीमें भी उन बाजारों में गश्त करेंगी, जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।
पीसीआर और राइडर रहेंगे सक्रिय
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीसीआर, राइडर और पैदल गश्त लगातार सक्रिय रहेंगी और आने-जाने वाले वाहनों व लोगों पर नजर रखेंगी। भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर सिविल वर्दी में पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है, ताकि सुरक्षा पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। एसपी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व त्योहारों की भीड़ का फायदा उठाने की फिराक में रहते हैं, इसलिए सभी थाना क्षेत्रों के नाकों को अलर्ट कर दिया गया है। अवैध शराब तस्करों और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ट्रैफिक नियमों की पालना करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को या डायल 112 पर दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस की तैयारियों की झलक
- बाजारों में पैदल गश्त व नाके लगाए गए
- महिला थाना पुलिस की विशेष टीमें तैनात
- सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी रहेंगे सक्रिय
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में पीसीआर व राइडर टीमों की तैनाती
- संदिग्ध व्यक्तियों व असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी
- अवैध शराब तस्करों पर कार्रवाई के निर्देश