जिला पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर विभिन्न जगहों से 11 किलो 800 ग्राम डोडा और चूरापोस्त सहित तीन युवकों को काबू किया है। प्रथम घटना में जिला की ऐलनाबाद थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान पावर हाउस ऐलनाबाद क्षेत्र से एक युवक को सात किलो डोडापोस्त के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवक की पहचान फतेह सिंह वासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद के रुप में हुई है। ऐलनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि ऐलनाबाद थाना पुलिस के उप निरीक्षक कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम दौराने नाकाबंदी कोविड़-19 ड्यूटी गश्त व चेकिंग के दौरान पावर हाउस ऐलनाबाद पर मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर कार मोड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर काबू कर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से सात किलो डोडापोस्त बरामद हुआ।
वहीं एक अन्य घटना में जिला की ऐलनाबाद थाना पुलिस ने उधम सिंह चौक ऐलनाबाद क्षेत्र से गुरमीत सिंह उर्फ मीठा निवासी वार्ड नंबर 8 रानियां को तीन किलो 100 ग्राम चूरापोस्त के साथ काबू किया है। एक अन्य घटना में जिला की रानियां थाना पुलिस ने संतनगर क्षेत्र से एक युवक को एक किलो 700 ग्राम चूरापोस्त के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवक की पहचान जैला सिंह वासी संतनगर के रुप में हुई है। रानियां थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर साधू राम ने बताया कि उन्होंने बताया कि रानियां थाना के करीवाला पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम संतनगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर कार को वापस मोड़कर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक किलो 700 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए युवकों से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर थाना रानियां में मादक पदार्थ अधिनियम धारा 188 के तहत अभियोग दर्ज की गई है। साथ ही युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।