संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रोडवेज बस चालक की लापरवाही के कारण दो आईटीआई और एक बहुतकनीकी संस्था का विद्यार्थी घायल हो गए। इसी से गुस्साए विद्यार्थियों ने एक घंटे तक रोडवेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । उन्होंने कहा आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि बसों के फेरे बढ़ाए जाए ताकि छात्रों को परेशानी का सामना न करना पड़ा।
आईटीआई के छात्र मनीष ने बताया कि रोडवेज की वर्कशाप से आईटीआई जाने वाली बस अपने स्टॉपेज पर रूकने के बजाय भरने के बाद चल पड़ती है। ऐसे में विद्यार्थी खाली बस में ही सीट पहले प्राप्त करने में दौड़ पड़ते है। मंगलवार को भी कुछ विद्यार्थियों ने भागकर बस पकड़ने का काम किया। विद्यार्थियों के लिए रोकने की बजाय बस चालक बस को भगा लेता है। इस दौरान नीरज पुत्र राजबीर गांव पनिहार, जश्न पुत्र हरबंस गांव लहंगेवाला व एक अन्य विद्यार्थी दो बसों के बीच में आ जाते है । सभी को गंभीर चोट लग जाती है और लोग व दूसरे बस चालक एंबुलेस को फोन कर तीनों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाता है। वहीं, दूसरी ओर हादसे के बाद उनके साथी विद्यार्थी नाराज हो जाते है और चालक व परिचालक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर देते है।नारेबाजी करने वाले विद्यार्थी को पुलिस ने समझाने का प्रयास किया है और विद्यार्थियों को वहां से भेज दिया।
एक हजार से ज्यादा विद्यार्थी एक बस के भरोसे
आईटीआई और तकनीकी कक्षा में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों की संख्या एक हजार से ज्यादा है। कॉलेज के लिए हरियाणा रोडवेज की ओर से सुबह एक बस का ही संचालन किया जाता है। जोकि सुबह 9:15 बजे चलती है। पंकज दीपांशु बताते है कि कई बार हरियाणा रोडवेज के जीएम को ज्ञापन सौंप चुके है कि बस का समय सुबह 8:30 बजे किया जाए क्योंकि कॉलेज सुबह नौ बजे शुरु होता है। इसके साथ ही बसों की संख्या या फेरे बढ़ाए जाएं।