पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोरी गिरोह के गुर्गे।
- फोटो : Sirsa
सीआईए सिरसा पुलिस ने एक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर गिरोह के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। सिरसा सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों से पूछताछ के दौरान बाइक व घरेलू चोरी की आठ वारदातों का खुलासा हुआ है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ मनजीत सिंह निवासी नानूआना रानियां, कश्मीर सिंह निवासी वार्ड नंबर 15 रानियां व सुखदेव सिंह उर्फ सुखा निवासी वार्ड नंबर 3 बाजीगर मोहल्ला सिरसा के रुप में हुई है। उन्होंने बताया कि चोरी की चारों बाइक बरामद कर लिए गए हैं जो की शहर सिरसा के नागरिक अस्पताल, शिव चौक, फतेहाबाद के भटटू क्षेत्र तथा राजस्थान क्षेत्र से चुराए गए थे। इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवकों ने जिला के रानियां कस्बा से दो व पंजाब के बठिंडा रेलवे स्टेशन तथा राजस्थान के अजमेर स्थित एक होटल से भी चोरी की वारदातें करनी कबूली है। उन्होंने बताया कि सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर तीनों युवकों को शहर सिरसा के ऑटो मार्केट क्षेत्र से चोरी की बाइक के साथ काबू था। आरोपियों की निशानदेही पर बाकी चोरी की संपत्ति भी बरामद की जाएगी।