सिरसा। जिले के जिन पेंशनधारकों की आय 2 लाख रुपये से ज्यादा है, उनकी समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन काटी जाएगी। पेंशन कटने वालों में से प्रतिदिन 10 से 15 लोग विभाग के पास शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। लेकिन विभाग के पास भी इसका कोई समाधान नहीं है। वहीं विभाग द्वारा मुख्यालय की बात कहकर पल्ला झाड़ा जा रहा है।
विभाग का कहना है कि मुख्यालय द्वारा ही कागजात जांचे जा रहे हैं। इसमें जिला स्तरीय कोई भी काम नहीं हो रहा है। जिलेभर से बहुत पेंशन धारकों की पेंशन काटी गई है लेकिन विभाग के पास इसकी कोई भी गिनती नहीं है। आयु प्रमाणपत्र के बाद परिवार पहचान पत्र और वोटर कार्डों के फेर में बुजुर्गों की पेंशन उलझती जा रही है। परिवार पहचान पत्र में जिस दंपती की आय सालाना दो लाख रुपये से ऊपर की है। उनकी पेंशन कट रही है। वहीं नए और पुराने वोटर कार्डों का डाटा मैच न होने से भी बुजुर्गों के सामने मुसीबत खड़ी हो रही है।
परेशान बुजुर्ग अब पेंशन बनवाने और कटी हुई पेंशन को जुड़वाने के लिए विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। वहीं विभाग अधिकारियों के अनुसार जिले में करीब 2 लाख पेंशन लाभार्थी है। अब तक कितनों की पेंशन कट चुकी है, इसका विभाग के पास कोई अधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही उच्च अधिकारियों की तरफ से डेटा उन्हें दिया जाएगा वे इसके बाद ही कोई सूचना दे पाएंगे। वहीं प्रदेशभर से 60 हजार पेंशनधारकों की पेंशन काटी जा रही है।
बुजुर्गों के लिए पीपीपी बना मुसीबत
परिवार पहचान पत्र बुजुर्गों के लिए बुढ़ापे की चिंता बनता जा रहा है। पेंशन लाभार्थी भगवान दास, कमलेश रानी, सुखबीर सिंह, कमला रानी का कहना है कि उनके परिवार की आय को उनकी आय के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। अगर किसी के बच्चों की आय 2 लाख रुपये से अधिक है तो बुजुर्गों की भी आय 2 लाख ही दर्शाया जा रहा है। जिसके कारण पेंशन काटी जा रही है। जिले में हजारों की संख्या में पेंशनधारकों की आय को काटा जा चुका है। वहीं दूसरी ओर बुजुर्गों का कहना है कि उनके बच्चे उनसे अलग रहते हैं। लेकिन परिवार पहचान पत्र एक बना हुआ है। ऐसे में लड़के की इनकम भी उनकी आय में दर्शाई जा रही है। जबकि लड़का बुजुर्ग को आमदनी में से कुछ भी नहीं देता है।
मुख्यालय द्वारा ही पेंशनधारकों के कागजात जांचे जा रहे हैं। इस कार्य में जिला समाज कल्याण विभाग का कोई रोल नहीं है। वहीं जिला के कई ऐसे पेंशनधारक है जिनकी परिवार पहचान पत्र में 2 लाख रुपये आय है उनकी पेंशन काटी गई है। विभाग में लोग समस्या लेकर आ रहे है।
-नरेश बत्तरा, जिला समाज कल्याण अधिकारी, समाज कल्याण विभाग सिरसा।