मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पार्टी का नुकसान करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पार्टी सख्त रुख अपनाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सभी नेता और कार्यकर्ता चुनाव में मेहनत करेंगे तो उन्हें सम्मान दिया जाएगा। अब जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने में सभी सक्रिय हो जाएं। मुख्यमंत्री रविवार को कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने क हा कि हर कार्यकर्ता को पार्टी का साथ देना चाहिए। जब कार्यकर्ता पार्टी का साथ देगा तो पार्टी भी कार्यकर्ता का साथ देगी। उन्होंने इशारों-इशारों में विरोधियों को चेताया कि जो नेता पार्टी के खिलाफ गतिविधियां चलाएगा उसके खिलाफ पार्टी एक्शन लेगी। हुड्डा ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने झूठ और लूट की राजनीति की है। कांग्रेस ने केंद्र और प्रदेश में हर वर्ग के लिए योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि सिरसा संसदीय क्षेत्र में लगाया गया न्यूक्लीयर प्लांट क्षेत्र की दशा बदल देगा।
इस दौरान सिरसा सीट से उम्मीदवार एवं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सिरसा क्षेत्र का विकास करवाने में न तो प्रदेश सरकार और न ही केंद्र सरकार ने कोई कमी छोड़ी है। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, सीए के ओएसडी मीडिया डॉ. केवी सिंह, रणजीत सिंह, भरत सिंह बैनीवाल, मनीराम केहरवाला, मलकीत सिंह खोसा, होशियारी लाल शर्मा, भूपेश मेहता, रीना बिरट, नवीन केडिया, आनंद बियानी, कुलदीप गदराना, सुभाष जोधपुरिया आदि भी मौजूद थे। सीएम ने कई गांवों में तंवर के लिए चुनाव प्रचार भी किया।
सेतिया और जगदीश ने दिया समर्थन
पूर्व मंत्री स्व. लछमण दास अरोड़ा के निधन के बाद उनकी राजनीतिक विरासत को संभालने में प्रसायरत राहुल सेतिया ने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर का समर्थन करने का ऐलान कर दिया। रविवार को रानियां रोड स्थित अपने आवास में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद सेतिया ने यह फैसला लिया। सेतिया के ऐलान के बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और अशोक तंवर उनके निवास पर पहुंचे। वहीं, आजाद उम्मीदवार जगदीश बाजेकां ने कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री के समक्ष अपना समर्थन डॉ. अशोक तंवर को देने का ऐलान किया। जगदीश की पृष्ठभूमि भी कांग्रेस की ही रही है। विद्यार्थी काल में जगदीश बाजेकां ने एनएसयूआई पदाधिकारी के तौर पर काम किया है।
रोड शो में इनेलो-भाजपा पर बरसे मुख्यमंत्री
ऐलनाबाद (सिरसा)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश में अपना प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख रही भाजपा की स्थिति ऐसी है कि हरियाणा में तो उसके पास खुद के उम्मीदवार तक नहीं हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता ही आलाकमान पर टिकट बेचने का आरोप लगा रहे हैं। कार्यकर्ताओं के इस विरोध के चलते भाजपा का पतन तय है। वे रविवार को ऐलनाबाद के चौ. देवीलाल चौक पर रोड शो के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इनेलो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि थैली और रैली का जमाना बीत चुका है। रोड शो को सांसद डॉ. अशोक तंवर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह खोसा, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल व युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमित सिहाग ने भी संबोधित किया।
भाजपा ने कांग्रेस से उधार लिए प्रत्याशी : सीएम
डबवाली (सिरसा)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा के हिस्से में आई आठ सीटों पर पांच उम्मीदवार कांग्रेस से उधार मांगे गए हैं, जबकि हजकां ने एक उम्मीदवार कांग्रेस से लिया है। वे रविवार को डबवाली के गांधी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। हुड्डा अपने निर्धारित कार्यक्रम से ढाई घंटे लेट पांच बजे आयोजन स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो आरोप लगाती है कि ओमप्रकाश चौटाला और अजय सिंह चौटाला को अंदर करवाने के पीछे भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं। लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूं कि अगर मुझे उन दोनों को अंदर करवाना होता तो आठ साल इंतजार नहीं करता।