संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नरवाना में होने वाले मतदान की गिनती अब फतेहाबाद स्थित मतगणना केंद्र में नहीं होगी। इस बार चुनाव आयोग ने नरवाना के लिए हिंदू कन्या महाविद्यालय जींद को मतगणना केंद्र बनाया है। यहां पर नरवाना के 224 पोलिंग बूथों पर होने वाले मतदान की गणना की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आरके सिंह ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंगलामुखी समुदाय के वोट बैंक का आंकड़ा जारी किया। यह बेहद चौंकाने वाला था। सरकारी आंकड़े के अनुसार लोकसभा क्षेत्र में सिर्फ 37 मतदाता ही है, जबकि इनकी संख्या में इससे दोगुना है।
पहली बार राजनीतिक पार्टियों को पीपीटी दिखाकर बताया गया कि उन्हें चुनाव के दौरान किस प्रकार आचार संहिता का पालन करना है। आचार संहिता का उल्लंघन वह किस तरह से कर सकते हैं, इससे उन्हें बचना है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत के अनुसार लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी 95 लाख रुपये तक खर्च कर सकता है। इसके लिए प्रत्याशी को खर्च रजिस्टर लगाना अनिवार्य है। निर्धारित राशि से अधिक खर्च पाया जाता है, तो आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाए जाने का प्रावधान है। चुनाव के दौरान प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए टीम गठित की गई है। कहीं पर पेड न्यूज पाई जाती है, तो उसका खर्च संबंधित प्रत्याशी के खर्च में जोड़ा जाएगा।
बुजुर्ग व दिव्यांग घर बैठे करें मतदान
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव आयोग की हिदायत के तहत 85 वर्ष आयु तक के बुजुर्ग मतदाता व दिव्यांगजन को घर से वोट डाले जाने की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए संबंधित मतदाता को अपनी अनुमति देनी होगी। बीएलओ घर जाकर ऐसे मतदाताओं का मतदान करवाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी बुजुर्ग या दिव्यांग ने घर में मतदान के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया है और बाद में वह बूथ पर जाकर मतदान करना चाहता है। ऐसी स्थिति संबंधित व्यक्ति बूथ पर मतदान नहीं कर पाएगा, उसे घर पर ही मतदान करना होगा।
1890 मतदान केंद्रों में हैं 3502 सर्विस वोटर्स
सिरसा लोकसभा क्षेत्र में कुल 1890 मतदान केंद्र हैं। विधानसभा के अनुसार मतदान केंद्रों की बात करें तो नरवाना में 224, टोहाना में 227, फतेहाबाद में 237, रतिया में 224, कालांवाली में 187, डबवाली में 213, रानियां में 186, सिरसा में 204 व ऐलनाबाद में 188 मतदान केंद्र हैं। इसी तरह से नौ विधानसभा क्षेत्रों में 3502 सर्विस मतदाता हैं। नरवाना में 681, टोहाना में 444, फतेहाबाद में 626, रतिया में 397, कालांवाली में 451, डबवाली में 238, रानियां में 161, सिरसा में 186 एवं ऐलनाबाद में 318 सर्विस मतदाता हैं। इसी प्रकार से मंगलामुखी मतदाताओं की संख्या 37 है।
इस प्रकार है मतगणना केंद्र
नरवाना - हिंदू कन्या महाविद्यालय, जींद
फतेहाबाद - मनीराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय, भोडियाखेड़ा
कालांवाली - कोर्ट हॉल, आंबेडकर लॉ भवन, सीडीएलयू
डबवाली - मल्टीपर्पज हॉल, सीडीएलयू
रानियां - एपीजे अब्दुल कलाम भवन, सीडीएलयू
सिरसा- मल्टीपर्पज हॉल, सीडीएलयू
ऐलनाबाद - लाइब्रेरी हॉल, आंबेडकर भवन सीडीएलयू