नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन शनि धाम
सिरसा। शिवभक्तों के लिए इस बार सावन माह बेहद खास रहेगा। कई वर्षों बाद ऐसा हो रहा है कि सावन माह की शुरुआत 22 जुलाई सोमवार से होगी और इसका समापन भी सोमवार को ही होगा। इस बार सावन के महीने में पांच सोमवार शिवभक्तों को मिलेंगे। सावन में इस बार दुर्लभ संयोग भी बन रहे हैं।
सावन के महीने में ग्रह नक्षत्र एवं योगों के कई तरह के शुभ संयोग भी बनेंंगे। पिछले वर्ष अधिकमास होने की वजह से सावन तकरीबन दो माह का रहा। तब सावन के आठ सोमवार आए लेकिन इस बार कुल पांच सोमवार रहेंगे। सावन का समापन रक्षा बंधन के दिन 19 अगस्त को होगा। सावन का महीना पूरे 29 दिनों का होगा।
22 जुलाई को होगी सावन माह की शुरुआत
शिवभक्तों के लिए सावन माह विशेष महत्व रखता है। इस बार सावन माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 21 जुलाई को दोपहर 03:46 बजे शुरू होगी लेकिन उदयातिथि को देखते हुए 22 जुलाई से सावन की शुरूआत मानी जाएगी। यह पूरा मास भगवान शिव की पूजा को समर्पित है।
सावन माह के सोमवार की तिथि
पहला सोमवार 22 जुलाई
दूसरा सोमवार 29 जुलाई
तीसरा सोमवार 05 अगस्त
चौथा सोमवार 12 अगस्त
पांचवां सोमवार 19 अगस्त
-
शनि धाम में स्थापित है नर्मेदेश्वर महादेव
नोहरिया बाजार स्थित प्राचीन शनि धाम सिरसा के प्राचीन मंदिरों में से एक है। 250 साल पुराने इस मंदिर का हाल ही में जीर्णोद्धार हुआ है। मंदिर में शनिदेव भगवान के गुरु भोलेनाथ शिव भी विराजमान हैं। वर्तमान में यहां नर्मेदेश्वर शिवलिंग स्थापित किया गया है, जिसका पूजन अति शुभ माना जाता है। शनि मंदिर के पुजारी योगेश भार्गव ने बताया कि मंदिर में शिवालय उस जगह स्थापित किया गया है जहां सैंकड़ों वर्षाें पुराना पीपल का पेड़ था, जिस कारण इस शिवालय का महत्व और बढ़ जाता है। सावन महीने में शनि धाम में भगवान शिव की पूजा, शिव महापुराण पाठ तथा भजन संकीर्तन का कार्यक्रम होगा। सावन मास में 2 अगस्त को शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वहीं सावन मास की अमावस्या को भगवान शनिदेव का जयंती समारोह मनाया जाएगा। सावन महीने में भगवान शिव के साथ उनके शिष्य न्याय के देवता भगवान शनिदेव की पूजा उत्तम फलदायी है।