हनुमानगढ़ रोड़ पर मेंटेनेस के अभाव में लटक रहा सीसीटीवी केमरा।
ऐलनाबाद। शहर में सुरक्षा की दृष्टि से चौक-चौराहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे देखरेख के अभाव में बंद पड़े हैं। नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
तीन साल पहले नगर पालिका ने सुरक्षा के मद्देनजर 118 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस थाने में इनका कंट्रोल रूम बनाया गया था ताकि हादसे, लूट व चोरी आदि की वारदात होने पर पुलिस सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों को पकड़ सके। अब हालात यह कि हनुमानगढ़ रोड पर लगे कैमरों में से एक कैमरा टूट कर लटक चुका है। शहर में अलग-अलग जगहों 50 से ज्यादा कैमरों खराब पड़े हैं। नगर पालिका प्रशासन इन कैमरों की सुध लेना भूल गया है।
कंट्रोल रूम में नियुक्त अधिकारी या कर्मचारी ने अभी तक इस विषय पर कोई सूचना या लिखित शिकायत नहीं दी है। इसके बाद भी स्वयं संज्ञान लेते हुए हमने कैमरों की मरम्मत का प्रस्ताव पास कर दिया है। जल्द ही कैमरों को दुरुस्त करवाया जाएगा, ताकि शहर की सुरक्षा हो सके।
- राम सिंह सौलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष।