ओढां। गांव घुंकावाली में पूर्व सरपंच के घर से करीब 2 लाख 15 हजार की नकदी, 32 तोले सोना व 10 तोले चांदी चोरी हो गई। सूचना के बाद ओढां पुलिस, डीएसपी व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को दी शिकायत में पूर्व सरपंच पवन कुमार ने बताया कि उसके 2 बेटे बठिंडा में रहते हैं जबकि वह अपनी पत्नी शशी देवी के साथ घुंकावाली में ही रहता है। उसकी पत्नी बीमार रहने के चलते चारपाई पर ही रहती है। अस्वस्थ होने के चलते वह शुक्रवार रात को दवा लेकर सो गया था। पवन कुमार के मुताबिक वह नरमे व अन्य फल की खरीद बेच का कार्य करता है। जिसके चलते उसकी जेब मेें अक्सर 10-15 हजार रुपये रहते ही हैं। शनिवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो देखा कि उसकी जैकेट चारपाई से दूर पड़ी थी और जेब में से रुपये गायब थे। पवन कुमार ने बताया कि इसके बाद अंदर गया तो वहां रखी ट्रंक का ताला खुला था और उसमें रखे करीब 2 लाख रुपये, 32 तोले सोना व 10 तोले चांदी गायब थी। सूचना के बाद ओढां थाना प्रभारी कर्ण सिंह, डीएसपी कालांवाली यादराम व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पवन कुमार ने बताया कि चोर छत के रास्ते होकर घर के अंदर दाखिल हुए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।