सिरसा। शहर की गांधी कॉलोनी में एक मकान में रविवार को 22 टूटियां चोरी हो गईं। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित मकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांधी कॉलोनी निवासी हरभजन सिंह ने बताया कि वह चार दिन अपनी बेटी हरजोत कौर के पास भिवानी गया हुआ था।
हरभजन सिंह अपने एक रिश्तेदार को घर की देखभाल करने के लिए कह रखा था। रविवार को उसके पास रिश्तेदार का फोन आया। उसने बताया कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा है। हरभजन सिंह ने बताया कि वह अपने मकान में पहुंचा तो अंदर सारी टूटियां व गैस गीजर गायब था। हर जगह तोडफ़ोड़ की हुई मिली।
इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। हरभजन का कहना है कि पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज खंगाली तो उसमें एक युवक मकान की छत से सीढि़यो से नीचे आता हुआ दिखाई दिया। चोर कमरों के गेट का ताला नहीं तोड़ पाए। इसलिए चोरों ने मकान में लगीं टूटियां उखाड़कर चोरी कर ली।
शहर थाना प्रभारी संदीप सिंंह का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर ली जाएगी। बता दें कि पिछले कई दिनों में शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। पिछले तीन दिन से सारी पुलिस सीईटी के लिए ड्यूटी पर तैनात थी। इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।