दो साथियों की हुई पहचान, 12 वारदात को अंजाम देना किया कबूल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। घर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को सदर पुलिस ने जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपी बिट्टू दशमेश कॉलोनी सिरसा का रहने वाला है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि ढाणी शहीदां वाली के रहने वाले हंसराज ने 15 जुलाई 2025 को थाने में दी शिकायत में बताया था कि वह अपने परिवार सहित घर पर सोया हुआ था। देर रात को अज्ञात युवक घर में घुस गया और अलमारी से चार तोले सोने, 51 तोले चांदी के जेवरात व 20 हजार रुपये चुराकर ले गया। एसपी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला बिट्ट एक मामले में सिरसा जेल में बंद है। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त वारदात सहित 12 अन्य चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी बिट्टू ने अपने दो साथियों का नाम भी पुलिस को बताया है, जो वारदात में उसके साथ शामिल थे। एसपी दीपक सहारन का कहना है कि आरोपी के दोनों साथियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।