संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में दिवाली के दिन बिजली गुल नहीं होगी। निगम ने इसकी पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसके अलावा आपातकालीन सेवाओं के लिए अधिकारी व कर्मचारियों को मुस्तैद कर दिया गया है। दमकल के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं, वहीं नागरिक अस्पताल में किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
बुधवार को भी बाजारों में दिवाली को लेकर भारी भीड़ रही। ऐेसे में जाम को कम करने के लिए सदर बाजार का रास्ता वन वे किया गया है, जबकि चार पहिया वाहन का बाजारों में जाना वर्जित कर दिया है। लोग दिवाली पूजन के लिए गणेश-लक्ष्मी की चांदी की प्रतिमा व चांदी के सिक्कों की खरीदारी कर रहे थे। बाजारों में जगह-जगह पर झालरों, बंदरवार व लटकन की स्टॉलें लगी दिखीं, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया व खरीदारी की। दिवाली से एक दिन पहले मिट्टी के दीयों को भी जमकर खरीदा गया है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स लड़ियों व लाइटों की भी खरीदारी लोगों ने की।
-
बाजार में पुलिस बल तैनात
दिवाली पर्व को लेकर लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस भी सतर्क हो गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर के सदर बाजार, मोहंता मार्केट, रोड़ी बाजार, जगदेव चौक, शिव चौक, सुरखाब चौक व परशुराम चौक पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जो जाम लगने की स्थिति में जाम खुलवाने व भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं।
निगम का दावा, नहीं जाएगी बिजली
दिवाली को लेकर बिजली निगम पूरी तरह से सतर्क है। बिजली निगम के एसई राजेंद्र सभ्रवाल का कहना है कि दिवाली के अवसर पर शहरवासियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिजली निगम की ओर से 24 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाएगी। अगर कहीं पर किसी प्रकार का फॉल्ट आ जाता है, तो तुरंत प्रभाव से टीम को भेजकर उसे भेजा जाएगा और उसे दुरूस्त करवाया जाएगा।
-
वायु गुणवत्ता सूचकांक 185 तक पहुंचा
जिला प्रशासन की ओर दिवाली पर पटाखे बजाने पर पाबंदी लगाई गई है। इसके बावजूद भी लोग पटाखे जलाए जा रहे हैं। जिले में स्मॉग व पटाखों के धुएं के कारण एक्यूआई बढ़ गया है। इस समय शहर का एक्यूआई 185 पहुंच गया है, जिसके कारण बच्चों व बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है।
-
स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें रहेंगी तैनात
नागरिक अस्पताल में पटाखों और आगजनी के मरीजों के लिए आपातकालीन विभाग में विशेष व्यवस्था रहेगी। दो चिकित्सकों के साथ, छह नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा। सभी स्टाफ को ऑन-कॉल ड्यूटी पर रहने के आदेश दिए गए हैं। नागरिक अस्पताल में बनाए गए बर्न वार्ड में चार बेडों की व्यवस्था की गई है। जिले में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी एंबुलेंसों की तैनाती की गई है। हादसा होने पर कोई भी मरीज को लाने ओर ले जाने के लिए नागरिक अस्पताल में बने एंबुलेंस कंट्रोल रूम में 108 नंबर पर कॉल कर सकता है। इसके अलावा कोई भी नागरिक 112 नंबर पर कॉल करके भी एंबुलेंस को मंगवा सकता है।
शहर में यहां तैनात रहेगी दमकल की गाड़ी
स्थान : गाड़ी
पटाखा मार्केट : 2 गाड़ियां
लालबत्ती चौक : 1 गाड़ी
बरनाला रोड : 1 गाड़ी
बाजारों में : 5 गाड़ियां
डबवाली रोड : 1 गाड़ी
रानियां रोड : 1 गाड़ी
तंग गलियों के लिए : 2 फायर बाइक