एयरफोर्स स्टेशन सिरसा में रक्तदान शिविर के दौरान मौजूद टीम व अन्य।
सिरसा। एयरफोर्स स्टेशन सिरसा में विश्व रक्तदान दिवस पर समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर वरदान ब्लड बैंक की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाया गया। दिनेश बगड़िया ने बताया कि कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एयर कमोडोर रोहित कपिल एयर ऑफिसर कमांडिंग एयरफोर्स स्टेशन सिरसा और राधिका कपिल अध्यक्ष एफएफडब्ल्यू (एल) ने शिरकत की।
रोहित कपिल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। इसे किसी फैक्ट्री में पैदा नहीं किया जा सकता। रक्तदान ही इसका एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। मात्र एक सप्ताह के बेहतर खानपान से इसकी पूर्ति हो जाती है।
इस मौके पर उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ रक्तदान भी किया। शिविर में 108 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। वरदान ब्लड बैंक की तरफ से दिनेश बगडिय़ा ने एयरफोर्स के रक्तवीर जवानों को प्रशस्ति पत्र के साथ कॉफी मग भेंट कर सम्मानित किया। विंग कमांडर डाॅ. तपस्या बिश्नोई ने गर्मजोशी से सभी का स्वागत किया।इस मौके पर समन्वयक अधिकारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट साक्षत शर्मा (चिकित्सा अधिकारी) व समन्वयक सार्जेंट अजय कुमार साह एवं सार्जेंट श्रीकांत ढाली टीम सहित मौजूद रहे।