संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नगर परिषद चुनावों में पहली बार बीसी-बी के लिए वार्ड आरक्षित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वीरवार को बीसी-बी के लिए आरक्षण का ड्राॅ निकाला जाना था, जो प्रशासनिक कारणों के चलते स्थगित कर दिया गया। हैरानी की बात है कि बीसी- बी के आरक्षण के ड्रॉ के लिए बनाई गई कमेटी में एक सदस्य भी बीसी- बी से नहीं लिया गया है।
ऐसे में अब दोबारा से बीसी-बी के ड्रॉ निकालने के लिए प्रशासन प्रक्रिया अमल में लाएगा। जानकारी के अनुसार, वीरवार को दोपहर साढ़े 12 बजे सभी अधिकारी जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल के कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान कमेटी के एक मात्र सदस्य रोहताश वर्मा पहुंचे। प्रशासन की ओर से तीन वार्ड 24, 25 और 27 का चयन बीसी-बी महिला आरक्षित वार्ड बनाने के लिए किया गया है।
ये वार्ड पूर्व में ओपन श्रेणी में आते थे, लेकिन इन वार्डों में बीसी-बी मतदाताओं की संख्या ज्यादा होने के कारण इन वार्ड का चुनाव किया गया है। अब देखना यह है कि बीसी-बी के लिए होने वाले ड्राॅ में इनमें से कौन-सा वार्ड आरक्षित होता है।
इस प्रकार हैं कमेटी सदस्य
रीना सेठी - जरनल
वैशाली - जरनल
ख्याली राम - एससी
सुमन लता - एससी
रोहताश वर्मा - बीसी-ए
असमंजस की स्थिति में शहरवासी
नगर परिषद में आमजन के लिए मतगणना सूची रखवा दी है। इसको पढ़ने और समझने में ही समय लग जाएगा, क्योंकि इस बार एक वार्ड अतिरिक्त बनाया गया है। ऐसे में किस वार्ड से मतदाताओं को बूथों में शामिल किया गया है, इसकी गणना कोई नहीं कर पा रहा है। इसके चलते शहरवासी असमंजस की स्थिति में है। इसलिए अभी तक आपत्तियां आनी शुरू नहीं हुई हैं।
वर्जन : प्रशासनिक कारणों के चलते बीसी-बी का ड्राॅ नहीं हो पाया है। आगामी तारीख जल्द ही निर्धारित कर इस प्रक्रिया को पूर्ण किया जाएगा।
सुरेंद्र बैनीवाल, जिला नगर आयुक्त, सिरसा।