सिरसा। अनाज मंडी में वीरवार रात को तीन कन्फेक्शनरी की दुकानों में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों का ताला तोड़कर स्कूटी व नकदी चुराकर ले गए। सुबह दुकानदारों और व्यापारियों को चोरी का पता चला और पुलिस को सूचित किया। वहीं, व्यापार मंडल ने चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई है।
पुलिस के अनुसार अनाज मंडी सिरसा के बूथ नंबर 29 शिवम कन्फेक्शनरी से चोर 1000 रुपये की नकदी व कुछ सामान चोरी कर ले गए। वहीं, दुकान नंबर 86 नागपाल कन्फेक्शनरी से ताला तोड़कर स्कूटी चोरी करके ले गए। एक अन्य दुकान से भी चोर नकदी चुराकर ले गए। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, जिला व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने पीड़ित दुकानदारों के पास जाकर घटना की जानकारी ली। दुकानदारों ने बताया कि चोर शटर का ताला न टूटने पर साइड से शटर को उखाड़कर दुकानों से हजारों की नगदी, एक स्कूटी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए, जिस बारे सुबह उन्हें पता चला।
उन्होंने बताया कि चोरों के दुस्साहस इतने बढ़ गए हैं कि उनके मन से पुलिस का डर गायब हो गया है और शटर का लॉक न खुलने पर साइड से काटकर लॉक निकाल कर घटना को बड़ी आसानी से अंजाम दे गए।
कीर्ति गर्ग ने कहा कि शहर में हो रही इन चोरियों की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन को जल्द से जल्द त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरों को पकड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कन्फेक्शनरी की दुकानों को चोरों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी आग्रह किया लगातार बढ़ रही चोरियों की घटनाओं को देखते हुए अनाजमंडी क्षेत्र में रात्रि गश्त को बढ़ाया जाए ताकि इन वारदात को रोका जा सके।