डबवाली (सिरसा)। शादी का झांसा देकर एक युवक ने युवती का यौन शोषण किया। महिला थाना डबवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी युवती ने बताया कि फेसबुक के जरिये डबवाली के वार्ड नंबर 7 निवासी अभिषेक उसके संपर्क में आया। अभिषेक ने उसके साथ शादी का वादा किया। आरोप है कि 31 दिसंबर 2024 से 5 जनवरी तक शारीरिक शोषण करता रहा। युवती का कहना है कि अभिषेक उसे दिल्ली, बठिंडा और हनुमानगढ़ बुलाता रहा। 20 अप्रैल को अभिषेक ने उसे चंडीगढ़ बुलाकर फोन पर कहा कि वह शादी नहीं करेगा।
इसके बाद युवती ने एसपी डबवाली और आईजी हिसार को ईमेल से शिकायत की। एसपी ने 21 अप्रैल को उसे थाना शहर भेज दिया। युवती का कहना है कि वह 24 अप्रैल की शाम 4 बजे थाने पहुंची और रात 9 बजे तक कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने आईजी हिसार को फोन किया। आईजी के आदेश पर पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की।
पुलिस ने दर्ज नहीं की पूरी शिकायत
युवती का आरोप है कि जांच अधिकारी ने उसकी पूरी शिकायत दर्ज नहीं की। इसके बाद उसने पूरा मामला एक बार फिर ईमेल के जरिये आईजी हिसार को भेजा। इस संबंध में डबवाली एसपी निकिता खट्टर का कहना है कि रुद्रपुर की युवती का मामला मेरे समक्ष आया था। युवती की स्टेटमेंट पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाने रुद्रपुर भेज दिया गया है। अगर युवती के साथ कुछ गलत हुआ है तो आगे की जांच रुद्रपुर पुलिस की ओर से की जाएगी।