सिरसा। नगर परिषद में विकास कार्य अधिकारियों की छुट्टियों के चलते प्रभावित हो रहे हैं। इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों की छुट्टी पर रहने के चलते प्रॉपर्टी टैक्स, सड़क निर्माण सहित अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में जिला नगर आयुक्त वीरेंद्र सेहरावत ने दूसरी परिषद और पालिकाओं के अधिकारियों को एडिशनल चार्ज देकर कार्य में गति लाने के आदेश जारी किए हैं। जिससे परिषद के कार्य में कोई दिक्कत नहीं आए और आमजन को कोई परेशानी नहीं हो।
वहीं जिला नगर आयुक्त ने प्रॉपर्टी टैक्स की छूट को लेकर शहरवासियों को जागरूक करने के लिए विशेष आदेश जारी किए हैं। क्योंकि प्रॉपर्टी टैक्स में छूट आने के बावजूद प्रॉपर्टी टैक्स शाखा के कर्मचारियों की ओर से कोई जागरूकता कैंप नहीं लगाया गया था। प्रॉपर्टी टैक्स की छूट की जानकारी शहरवासियों को नहीं है। इतना ही नहीं, प्रॉपर्टी टैक्स को कैसे स्वयं सत्यापन करना है, इस बारे में शहरवासियों को जानकारी दी जाएगी।
इस प्रकार है अधिकारियों की स्थिति
1 नियमित जेई दो माह के अवकाश पर चले गए।
2 एमई पिछले एक सप्ताह से बीमार है। 10 दिन ओर छुट्टी पर रहेंगे।
3 एक्सईएन के पास एडिशनल चार्ज है तो वह कार्यालय में कम ही नजर आते हैं। डबवाली ही ज्यादा वक्त गुजारते हैं।
ईओ रहते हैं बैठकों में व्यस्त
नगर परिषद में एक मात्र अधिकारी के तौर पर बैठे कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह खनगवाल नजर आते हैं। लेकिन प्रशासनिक बैठकों में अति व्यस्त होने के कारण वह भी नियमित से कार्यालय में नहीं बैठ पा रहे हैं। इसलिए कभी सुबह तो कभी दोपहर बाद बैठकर अपनी फाइलों का निपटान कर रहे हैं।
प्रॉपर्टी टैक्स की 400 फाइलें निपटाई
आमजन को प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी समस्या का सामना नहीं करना पड़े इसलिए अन्य अधिकारियों को एमई का चार्ज देकर कार्य करवाए जा रहे हैं। पूर्व में 400 फाइलें इकट्ठा हो गई थी। ऐेसे में किसी ओर स्टाफ को चार्ज देकर प्रॉपर्टी टैक्स की फाइलों का निपटान किया गया है। जिसके तहत अब मात्र 50 फाइलें ही पेंडिंग रही हैं।
आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े इसलिए एडिशनल चार्ज देकर जन समस्याओं का समाधान करवाया जा रहा है। प्रॉपर्टी टैक्स सहित अन्य कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। आमजन को पेरशानी नहीं आने दी जाएगी।
-वीरेंद्र सेहरावत, जिला नगर आयुक्त