संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले की अनाज मंडियों में दूसरे दिन बुधवार को भी गेहूं की फसल की आवक नहीं हुई है। हालांकि सरसों की आवक जारी है। सिरसा मंडी में बुधवार को 17393 क्विंटल सरसों की आवक हुई। मंडी में अब तक कुल 70 हजार क्विंटल सरसाें की आवक हो चुकी है। वहीं, गेहूं के उठान के लिए वीरवार को टेंडर खोले जाएंगे।
सिरसा मंडी आढ़ती एसोसिएशन उप प्रधान राजू सुधा ने बताया कि मंडी में सरसों की खरीद ठीक प्रकार से चल रही है। मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी तरह से कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मंडी में किसानों के लिए पानी, रहने , खाने और शौचालय आदि का पूरा प्रबंध है। मंडी में गेहूं की आवक 10 अप्रैल के बाद होगी। मौसम में तापमान में बदलाव होने के चलते और रात को न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के चलते ठंडक बनी हुई है जिससे गेहूं की फसल पकने में समय लग रहा है। जिले से मंडियों में गेहूं की फसल 10 अप्रैल के बाद ही आ पाएगी।
तीन बार खोले टेंडर, नहीं दिखाई दिलचस्पी
गेहूं की फसल के उठान के लिए परिवहन व लेबर को लेकर जिले की 37 मंडियों में अभी तक टेंडर प्रक्रिया सिरे नहीं चढ़ पाई है। विभाग की ओर से दो माह में तीन बार टेंडर खोले गए थे, लेकिन फर्मों ने टेंडर नहीं लिए हैं। अब विभाग की ओर से वीरवार को फिर से टेंडर खोले जाएंगे। पहले भी धान के सीजन में भी इनके टेंडर को लेकर विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ा था। जिसमें मंडी में किसानों और आढ़तियों को भी परेशानी हुई थी।
सिरसा मंडी में बुधवार को हुई सरसों की आवक
सिरसा मंडी में मंगलवार को 660 गेट पास काटे गए। मंडी में 17393 क्विंटल सरसों की आवक हुई। मंडी में अब तक कुल 66950 क्विंटल सरसों की आवक हो चुकी हैं। मंडी में अब तक 21687 क्विंटल सरसों का ही उठान हो पाया हैं। अभी भी 45263 क्विंटल सरसों का उठान बाकी हैं। मंडी में एजेंसियों की ओर से बुधवार को 6570 क्विंटल सरसों का ही उठान किया गया।
मंडी में सरसों और गेहूं की फसल को लेकर पूरी व्यवस्था बनाई हुई है। फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। - वीरेंद्र मेहता , मार्केट कमेटी सचिव।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::
डबवाली की मंडी में हुई 9260 क्विंटल सरसों की हुई आवक
डबवाली। अनाज मंडी में बुधवार को सरसों की आवक जारी है। हैफेड खरीद केंद्र के आंकड़ों के अनुसार मंडी में बुधवार तक 9260 क्विंटल सरसों की आवक हुई है। इसमें से 7 हजार क्विंटल सरसों का उठान हो पाया है।
मंडी में फसल बेचने आए किसान जगतार सिंह, नोनी सिंह, लखविंदर सिंह, राजिंद्र कुमार, विनोद कुमार, सुखमन सिंह, जसविंदर सिंह ने मार्केट कमेटी के प्रबंधों पर संतुष्टि जताई है। वहीं हैफेड के प्रबंधक ख्याली राम शर्मा ने कहा कि मंडी में अपनी फसल लेकर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंडी में सारी व्यवस्था कर ली गई है।
डबवाली खंड में 4 खरीद केंद्र हैं।
2 खरीद केंद्र हैफेड के पास डबवाली व कालुआना में हैं।
2 खरीद केंद्र हरियाणा वेयर हाउस के पास चौटाला व रिसालिया खेड़ा में हैं।