चोपटा बस अड्डे पर बस के पहुंचने पर चालक व परिचालक को माला पहनाकर स्वागत करते लोग।
- फोटो : 1
सिरसा। शरद पूर्णिमा पर सालासर बालाजी धाम के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा रोडवेज ने सिरसा से वाया चोपटा और भादरा होते हुए सालासर धाम के लिए विशेष मेला बस सेवा शुरू की है। इससे चोपटा क्षेत्र के श्रद्धालुओं को सीधी बस सुविधा मिलेगी और निजी बसों पर निर्भरता कम होगी।
पहले चोपटा क्षेत्र के यात्रियों को सालासर जाने के लिए सिरसा पहुंचना पड़ता था या निजी बसों में अधिक किराया देना पड़ता था। नवरात्र से शरद पूर्णिमा तक श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज ने यह सेवा शुरू की है।
यह रहेगा बस का समय
सिरसा रोडवेज डिपो के डीआई गजानंद वर्मा ने बताया कि बस सिरसा से रोजाना सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। चोपटा में सुबह 11:20 बजे और भादरा में दोपहर 12:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद शाम 4:10 बजे सालासर धाम पहुंचेगी। वापसी में बस उसी दिन शाम 6 बजे सालासर से सिरसा के लिए रवाना होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। बस के चोपटा बस अड्डे पर पहुंचने पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीकुराम फौजी, जजपा नेता कृष्ण शाहपुरिया, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष वेदपाल सिंवर, बलराम कासनिया, बंसी बैनीवाल और बस अड्डा प्रभारी सुभाष ने स्वागत कर हरी झंडी दिखाई।