सिरसा अध्यपाक संघ उपायुक्त शांतनु शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए।
सिरसा। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ जिला सिरसा ने उपायुक्त महोदय शांतनु शर्मा से मुलाकात कर उन्हें अपना मांगपत्र सौंपा। उन्होंने पत्र के माध्यम से मांग की है कि विद्यालयों के समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया जाए। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में जल्द ही कोई निर्णय करेंगे।
प्रवक्ता विनोद कासनिया ने बताया कि मई महीने में तापमान में अत्यधिक वृद्धि के कारण छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले में वर्तमान में तापमान सामान्य से कहीं अधिक है और अभी हरियाणा में ग्रीष्मावकाश शुरू होने में भी 10 दिन शेष हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है और लू लगने का डर भी बना हुआ है।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने आग्रह किया है कि विद्यालयों का समय इस प्रकार बदला जाए। इससे बच्चे सुबह के समय में ही विद्यालय जाकर जल्दी छुट्टी पाकर दोपहर की तेज गर्मी से बच सकें। जिन विद्यालयों का समय 12:30 बजे के बाद शुरू होने का है, तब तापमान अपने उच्चतम स्तर पर होता है और बच्चों को गर्म धूप में घर से निकलना पड़ता है। संघ ने अनुरोध किया है कि सभी प्रकार के विद्यालयों में गर्मी को देखते हुए समय सारणी में शीघ्र बदलाव किया जाए, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके। इस अवसर पर जिला सचिव देवेंद्र कुमार, उपप्रधान सुनीता रानी, मिस मिक्की ,पुरूषोत्तम शास्त्री, जेपी नीमला व धर्मवीर रानियां सहित अध्यापक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।