जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के तहत वीरवार को सरकारी अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों के स्टाफ को वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान 437 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। हालांकि विभाग ने वीरवार को 600 वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर जिले में अब तक 1766 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में सात स्थानों पर वैक्सीनेशन प्वाइंट्स बनाए गए थे। इनमें से नागरिक अस्पताल में दो सेंटर सहित पूनिया अस्पताल, लालगढ़िया अस्पताल, सीएचसी माधोसिंघाना, रानियां व ऐलनाबाद का सरकारी अस्पताल शामिल रहा। वीरवार को वैक्सीन लगवाने वालों में जिला परियोजना अधिकारी डॉ. दर्शना सिंह, हृदय रोग विशेषज्ञ डा. गुलाब सिंह, लालगढ़िया अस्पताल से डा. संजय गर्ग सहित कई चिकित्सकों ने वैक्सीन लगाई। वैक्सीन लगवाने को लेकर फील्ड स्टाफ का रुझान कम देखने को मिला।
आज भी जारी रहेगी वैक्सीनेशन अभियान
शुक्रवार को जिले में 11 जगहों पर वैक्सीनेशन प्वाइंट्स बनाए गए है। इस दौरान सिरसा शहर के एपेक्स व गिजवानी अस्पताल में वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। इनके अलावा माधोसिंघाना, रानियां, नाथूसरी चौपटा, कालांवाली, ओढ़ां, डबवाली व नागरिक अस्पताल सिरसा में वैक्सीन लगाई जाएगी।