ओढ़ां सीएचसी में युवक को मेडिकल परीक्षण हेतु लेकर आए थाना प्रभारी।
ओढां। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दौरान रविवार सुबह गांव ओढां के माता हरकी देवी शिक्षण संस्थान में मेडिकल प्रमाणपत्र नहीं होने से एक परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इस पर थाना प्रभारी ब्रह्मप्रकाश परीक्षार्थी की मदद के लिए आगे आए और उसे परीक्षा दिलवाने में अहम भूमिका निभाई।
रतिया के गांव जल्लोपुर निवासी महेंद्र का 20 दिन पहले सड़क हादसे में पैर टूट गया था, उसके पैर में रॉड डली गई। महेंद्र रविवार सुबह ओढां में निर्धारित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन केंद्र के बाहर मौजूद स्टाफ ने उससे मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट मांगा। सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण उसे परीक्षा में प्रवेश से वंचित कर दिया गया।
थाना प्रभारी अपनी गाड़ी से ले गए मेडिकल जांच कराने
सूचना मिलने पर ओढां थाना प्रभारी ब्रह्मप्रकाश मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए महेंद्र को तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाकर ओढां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। उन्होंने उसका एक्स-रे और अन्य जरूरी जांचें करवाकर मेडिकल ऑफिसर से फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाया और समय रहते महेंद्र को दोबारा परीक्षा केंद्र पहुंचाया। सर्टिफिकेट देखकर केंद्र अधिकारी ने महेन्द्र को परीक्षा में बैठने दे दिया। इस दौरान महेंद्र ने कहा कि अगर सर समय पर मेरी मदद न करते तो मैं परीक्षा नहीं दे पाता।