संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजस्थान महिला पुलिस कर्मी का टिकट काटने पर राजस्थान पुलिस ने हरियाणा रोडवेज बस को जब्त कर लिया। चालक परिचालक ने आरोप लगाए कि महिला पुलिसकर्मी की टिकट काटने पर वर्दी की धौंस दिखाते हुए राजस्थान पुलिस ने यह कार्रवाई की। दस्तावेज दिखाए जाने के बाद भी राजस्थान पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
बता दें कि सिरसा से रविवार सुबह 6.50 पर अनुपगढ़ वाया हनुमानगढ़ पीलीबंगा के लिए रोडवेज बस रवाना हुई। हनुमानगढ़ से पीलीबंगा के लिए राजस्थान महिला पुलिस कर्मी रोडवेज बस में सवार हो गई। बस परिचालक ने महिला पुलिसकर्मी से टिकट मांगा तो उसने आई कार्ड दिखा दिया। हरियाणा रोडवेज बस में राजस्थान पुलिस का आई कार्ड मान्य न होने के कारण परिचालक ने किराया मांगा और 25 रुपये का टिकट काट दिया। इसके बाद तैश में आई महिला पुलिसकर्मी ने बस को इंपाउंड करवाने की परिचालक को चेतावनी दे दी। दोपहर बाद अनुपगढ़ से जब रोडवेज बस वापस पीलीबंगा पहुंची तो राजस्थान पुलिस ने रोडवेज बस को रोक लिया। परिचालक ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की ओर से उनकी एक नहीं सुनी गई। उन्होंने बस के सभी दस्तावेज उन्हें दिखाए गए थे और संबंधित अधिकारियों से भी बात करवाई गई थी। फिर भी पुलिस कर्मचारियों ने उनकी बस को जब्त कर लिया। इसके कारण बस में सवार करीब 30 यात्रियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें दूसरी बस में सवार कर रवाना किया गया है।
राजस्थान पुलिस ने बिना किसी कारण रोडवेज बस को जब्त किया गया है। इसके संबंध में यूनियन के सभी सदस्यों की बैठक बुलाई गई है। राजस्थान डिपो की बसों के दस्तावेजों की जांच करने के लिए अधिकारियों के समक्ष मांग रखी जाएगी।
- चमनलाल स्वामी, सांझा मोर्चा, सिरसा डिपो।