रानियां। गांव भूरटवाला में शुक्रवार सुबह जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की टीम ने पेयजल आपूर्ति के सुधार को लेकर विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विभागीय टीम ने गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत को रोकने और पेयजल की बर्बादी थामने के लिए घर-घर जाकर नलों की चेकिंग की।
इस दौरान जिन घरों में अवैध रूप से डबल कनेक्शन पाए गए, उन्हें मौके पर ही नोटिस थमाकर कनेक्शन काटने की कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्होंने विभाग के नोटिस की अवहेलना की या अवैध कनेक्शन नहीं कटवाया तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे पानी का सदुपयोग करें और इसे व्यर्थ न बहने दें। इस विशेष अभियान के दौरान विभाग की ओर से कनिष्ठ अभियंता सुशील कुमार और बीआरसी हरि सिंह भिड़ासरा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उनके साथ आरएमई स्टाफ से धर्मपाल, दलवीर, रूपराम, कुलदीप, सतनाम सिंह, महेंद्र, रिछपाल, संदीप, निर्मल और महावीर भी फील्ड में शामिल थे।
शहर में बकायादारों पर भी कसा शिकंजा
एक तरफ जहां ग्रामीण इलाकों में जल संरक्षण और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई की गई। दूसरी तरफ ऐलनाबाद शहर में भी विभाग ने सख्त रुख अपनाया। शहर में लंबे समय से पानी का बिल न भरने वाले डिफॉल्टर्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभाग ने 25 लोगों को बकाया बिल जमा करवाने के नोटिस जारी किए। विभाग के अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि समय रहते बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो बिना किसी ढील के पेयजल कनेक्शन काट दिए जाएंगे।