चोपटा। गर्मियों की दस्तक के साथ ही गांव कुम्हारिया में पशुओं के लिए पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जोहड़ तालाब में पानी की कमी के कारण ग्रामीणों को पशुओं को पानी पिलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब यह तालाब पूरी तरह से सूख चुका है जिससे पशुओं को पानी की तलाश में दूर-दूर जाना पड़ता है।
गांव के निवासी महेंद्र सिंह, जगदीश, महावीर, रामकुमार और सतवीर सिंह ने बताया कि इस समय गर्मी का मौसम शुरू होते ही जोहड़ का पानी सूख चुका है और गांव के तालाबों में दरारें पड़ गई हैं। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की किल्लत और भी गंभीर होती जा रही है और अब खेतों में काम करने के लिए पानी का प्रबंध आवश्यक हो गया है।
जोहड़ की खोदाई और सुंदरीकरण का भेज चुके प्रस्ताव
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि बढ़ती गर्मी के मद्देनजर पशुओं के पानी के तालाबों को जल से भरवाने की व्यवस्था की जाए।सरपंच रूपेश बैनीवाल ने कहा कि जोहड़ में पानी की कमी को दूर किया जाएगा। इसके लिए पंचायती ट्यूबवेल और नहरी पानी की बारी से तालाब को भरा जाएगा। जोहड़ की खोदाई और सुंदरीकरण का प्रस्ताव भी संबंधित विभाग को भेजा गया है। ग्रांट मिलते ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।