सिरसा। सिरसा विधानसभा के गांवों में विकास कार्य और सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं होने पर विधायक गोकुल सेतिया शनिवार को सोशल मीडिया पर लाइव हुए। उन्होंने जिला परिषद सीईओ डॉक्टर सुभाष चंद्र को चेतावनी देते हुए कहा कि सिरसा के गांवों में सफाई नहीं होने को लेकर बार-बार उनके साथ पत्राचार किया गया है। इसके बाद भी उनकी ओर से कोई कार्रवाई न नहीं की गई। विधायक ने कहा कि अगर जल्द से जल्द उनके विधानसभा क्षेत्र में सफाई का कार्य व अन्य विकास कार्य शुरू नहीं किए गए तो जिला परिषद के सीईओ के खिलाफ विधानसभा में धरना देंगे।
उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जल्द ही विधानसभा सत्र आने वाला है। उसमें वह इस मामले को बड़े सत्र पर उठाएंगे। अगर जरूरत पड़ी तो विधानसभा में मंच के पास धरना देंगे। विधायक ने आरोप लगाया कि जिला परिषद सीईओ जिन लोगों के हाथों में खेल रहे हैं, यह अच्छी बात नहीं है। किसी तरह से कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एक अधिकारी की भ्रष्टाचार की शिकायत उनके पास में लगातार आ रही है। एक-दो व्यक्ति उनके भ्रष्टाचार को लेकर अपनी दस्तावेज तक देकर जा चुके हैं, जिसको लेकर वह जल्दी खुलासा करेंगे।
इस संबंध में जब जिला परिषद के सीईओं से संपर्क किया तो वह फोन पर उपलब्ध नहीं हुए। बता दें कि विधायक गोकुल सेतिया द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र में आने वाले गांव को लेकर कई बार जिला परिषद के अधिकारियों से संपर्क साधा था। फोन व पत्र ले माध्यम से उन्होंने गांव में सफाई, स्ट्रीट लाइट, तालाबों के बुरे हालात और सड़कों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को कहा था। कई महीने गुजरने के बाद भी अधिकारियों ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। इस कारण गांव के लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।