संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। अल्ट्रासाउंड मशीन दूसरे दिन भी ठीक नहीं हो पाई। जिसके कारण मरीजों को बिना जांच करवाए ही लौटना पड़ा। मशीन को ठीक करने के लिए सुबह ही चंडीगढ़ से इंजीनियर सिरसा नागरिक अस्पताल में पहुंच गया। शाम पांच बजे मशीन ठीक हो पाई। ऐसे में अब बुधवार से मरीजों के अल्ट्रासाउंड हो पाएंगे।
बता दें कि बीते सोमवार को सुबह ही अल्ट्रासाउंड मशीन खराब हो गई थी। जिसके कारण दिनभर मरीज इंतजार करने के बाद वापस लौटते रहे। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संबंधित कंपनी अधिकारियों से बातचीत की गई। लेकिन तकनीकी खराबी होने के कारण मशीन शुरू नहीं हो पाई। जिसके पश्चात मंगलवार को चंडीगढ़ से संबंधित कंपनी का इंजीनियर नागरिक अस्पताल में मशीन को ठीक करने के लिए पहुंचा। ऐसे में शाम पांच बजे मशीन शुरू हो पाई। अब बुधवार से मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी। मरीजों को इससे राहत मिलेगी। इंजीनियर महेश कुमार ने बताया कि मशीन को दुरुस्त कर उसका ट्रायल ले लिया है।