सिरसा। गांव कंगनपुर निवासी एक मजदूर पर पेट्रोल डालकर जलाने का मामला सामने आया है। आग लगने के कारण मजदूर 30 से 40 फीसदी तक झुलस गया। परिवार के सदस्याें ने जैसे-तैसे कर आग पर काबू पाया और उसे नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर मरीज को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है।
कंगनपुर निवासी घायल 40 वर्षीय बृजलाल ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे वह घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस का एक जमींदार लाठी और पेट्रोल की बोतल लेकर उसके घर में घुस गया। इसके बाद आरोपी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फरार हो गया। परिवार के सदस्यों ने कपड़ा डालकर आग को बुझाया और उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया दिया। आग के कारण मजदूर बृजलाल 30 से 40 फीसदी झुलस गया है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है।
घायल के परिजन गंगारानी और लीलूराम ने बताया कि जमींदार बृजलाल को अपने साथ काम पर लगाना चाहता था। बृजलाल ने इसके लिए इन्कार कर दिया। इसके कारण जमींदार उससे रंजिश रखने लगा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम को भी उक्त जमींदार ने बृजलाल के साथ मारपीट की और उसके गले में तार डालकर मारने का प्रयास किया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को भी दी है। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद मौके पर उपस्थित लोगों से भी पूछताछ की है।
कंगनपुर में मजदूर पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने के मामले की सूचना मिली थी। इसके बाद घटना स्थल का जायजा लिया गया है। रात को दोनों की आपस में किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी, लेकिन सुबह पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना संदेहजनक है। इसकी जांच की जाएगी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जो पीड़ित के बयान दर्ज करेंगे। जांच के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- देवीलाल, सदर थाना प्रभारी, सिरसा ।