पशु विभाग के डिप्टी डायरेक्टर सुखविंदर चौहान का कहना है कि सांड़ के पेट से सोने का बाहर आना नामुमकिन है। उनका कहना है कि पशु के पेट के चार भाग होते हैं। यदि सांड़ ने सोने के आभूषण निगल लिए हैं तो वह उसके पेट के दूसरे और तीसरे हिस्से में हो सकते हैं। ऐसे में उनके बाहर आने की उम्मीद कम ही है। यह भी आशंका है कि सांड़ ने गहने निगलने के बाद कहीं पर जुगाली की हो और गहने बाहर आ गए हों।
मां ने सब्जी के छिलके साथ फेंक दिए थे गहने
कालांवाली निवासी जनक राज के पारिवारिक सदस्य 19 अक्तूबर को एक शादी समारोह में शिरकत करके आए थे। जनक राज की पत्नी और पुत्रवधू सोने के गहने उतारकर रसोई में एक कटोरी में रखकर सो गईं थीं। इस दौरान रसोई में सब्जी के छिलकों के नीचे सोने के गहने वाली कटोरी छिप गई। बाद में जनक राज की बुजुर्ग मां ने सब्जी के छिलकों व अन्य बची सब्जियों व फल को गली में पशुओं के लिए बनाई गई जगह पर फेंक दिया था।
कुछ देर बाद जनक राज की मां गली में खड़ी थीं तो उनकी नजर सोने के चमकते एक टॉप्स पर पड़ी तो उन्होंने उसे उठाकर परिजनों को दिखाया। इसके बाद उन्हें याद आया कि ऐसे ही टॉप्स उनके भी थे, जिसे उतार कर रसोई में रखे थे। रसोई में जाकर देखा तो गहने वहां नहीं थे। गहने कहां गए इसका पता करने के लिए घर में लगे सीसीटीवी की जांच की गई तो पता चला कि गहने सब्जियों के कचरे के साथ मां ने बाहर फेंक दिया है।
इसके बाद बाहर लगे सीसीटीवी की जांच की तो उसमें गहने फेंकने के बाद एक पूंछ कटे सांड़ को देखा गया, जोकि सब्जियों को खा रहा है। अंदाजा लगाया गया कि इसी ने सब्जियों के साथ गहने को भी निगल लिया होगा। इसके बाद परिजनों ने उक्त सांड़ की तलाश शुरू की। आखिरकार तीन घंटे की तलाश के बाद एक गली में पूंछ कटा सांड़ बैठा मिल गया।
जनक राज के परिजनों और पड़ोसियों ने मिलकर सांड़ के गले में रस्सी डाली और उसे वहां से लाने का प्रयास किया, लेकिन सांड़ टस से मस नहीं हुआ। कई आदमियों को देखकर वहां भड़क गया। इसके बाद उसे काबू करने के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया।
चिकित्सक ने सांड़ को इंजेक्शन लगाया तो वह शांत पड़ा फिर उसे पकड़ कर घर लाया गया और एक खाली प्लाट में बांध दिया। चिकित्सक की सलाह पर जनक राज का परिवार सांड़ की हरा-चारा, गुड़, केले आदि खिलाकर जमकर खातिरदारी कर रहा है, लेकिन आज तक गहने गोबर में नहीं मिले हैं। जनक राज अब सांड़ को गोशाला छोड़कर आने की सोच रहे हैं।