सेनेटरी शाखा में रिकॉर्ड ढूंढते नगर परिषद के कर्मचारी।
- फोटो : Sirsa
शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने और बकरियां वाली प्लांट के निर्माण कार्य की टेंडर प्रक्रिया की जांच शुरू हो गई है। इस संबंध में स्थानीय शहरी निकाय विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। टीम ने मंगलवार को सिरसा नगर परिषद कार्यालय में आकर जांच प्रक्रिया शुरू की और नप से पिछले 14 सालों का रिकॉर्ड मांगा है। नप ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि जांच टीम को उपलब्ध करवाया जा सकें। हालांकि नप ने इसके लिए कुछ दिनों का समय मांगा है।
जानकारी अनुसार शहर का कूड़ा कचरे का निस्तारण बकरियांवाली प्लांट में किया जाता है। शहर से हर दिन 90 टन कचरा निकलता है। इस प्लांट की स्थापना 2006 में हुई थी। कुछ समय बाद ही यह प्लांट बंद हो गया था। दोबारा से ठीक करके फिर से इसे चलाया गया। शहर से कूड़ा उठाने का टेंडर डिंग पावन मैन एजेंसी के पास है। दो साल से घरों से कूड़ा उठाने का टेंडर भी इसी फर्म के पास है। टेंडर हर साल जारी होता है। शिकायतकर्ता ने बकरियांवाली प्लांट के निर्माण व शहर से कूड़ा उठाने व घरों से कूड़ा उठाने के टेंडर में आपत्ति जताई। टेंडर प्रक्रिया में धांधली है। हालांकि यह शिकायत 2015 में की गई थी। लेकिन अब इस मामले की जांच शुरू हो गई।
तीन सदस्यीय टीम पहुंची सिरसा, मांगा रिकॉर्ड
मंगलवार को हिसार नगर निगम के उप निगम आयुक्त, नगर पालिका टोहाना के कार्यकारी अधिकारी, नगर निगम हिसार के वरिष्ठ लेखा अधिकारी की तीन सदस्यीय टीम पहुंची। टीम ने सिरसा नगर परिषद से 2006 से लेकर अब तक कूड़े के टेंडर और बकरियां वाली प्लांट पर खर्च रकम का ब्यौरा मांगा है। साथ ही बकरियांवाली प्लांट पर जाकर उसका भी निरीक्षण किया। तीन सदस्यीय टीम ने नगर परिषद के अधिकारियों से जिसमें कि प्लांट कब लगा था, कितनी फर्मों ने आवेदन किया था, इसे हरियाणा सरकार ने लगवाया था, या फिर नगर परिषद ने अपने पैसा लगाया। हर साल रख रखाव पर कितना खर्च आता है, इसकी जानकारी मुहैया करवाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में डोर डू डोर कलेक्शन का पिछले दो साल से रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। नगर परिषद ने पिछला रिकॉर्ड देने के लिए कुछ दिनों का समय मांगा है।
कोट
तीन सदस्यीय टीम ने रिकॉर्ड मांगा है। उन्हें कुछ दिनों में रिकॉर्ड उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
-सुमित मलिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद सिरसा।